Bulandshahr News: नरसेना थाना क्षेत्र के गांव नरेंद्रपुर निवासी 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घरेलू विवाद और मानसिक तनाव में चल रहा था
जानकारी के अनुसार नरेंद्रपुर निवासी केशव की दूसरी शादी करीब एक से डेढ़ माह पहले हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ दौलतपुर कलां में किराये के कमरे में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक युवक पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद और मानसिक तनाव में चल रहा था।
परिवार में चीख-पुकार मच गई
बताया गया कि गुरुवार रात केशव ने अपने चाचा को फोन कर दो लोगों से जान का खतरा होने की बात कही थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर नरसेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।