Bulandshahr News: पहासू थाना क्षेत्र में गंगावली पुल से एक युवक द्वारा नहर में छलांग लगाने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
गंगावली पुल से नहर में छलांग लगा दी
जानकारी के अनुसार, पहासू क्षेत्र के एक गांव निवासी 30 वर्षीय प्रदीप शर्मा अपनी बहन की ससुराल गांव सूरजावली से वापस अपने घर लौट रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर वह नाराज हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक शराब के नशे में था। इसी दौरान उसने गंगावली पुल पर पहुंचकर अचानक नहर में छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
युवक का कोई सुराग नहीं मिला
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पहासू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने नहर के दोनों किनारों पर खोजबीन कराई, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि नहर में युवक की तलाश लगातार जारी है। आवश्यकता पड़ने पर सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए युवक की तलाश में जुटी हुई है।