Bulandshahr News: दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न, छेड़छाड़ और तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
निकाह में करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे
थाना सलेमपुर क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी विवाहिता ने एस एस पी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका निकाह 11 नवंबर 2018 को मोहसीन पुत्र उस्मान खां गौतमबुद्धनगर के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता के पिता ने निकाह में करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और एक लाख रुपये नकद व बाइक की अतिरिक्त दहेज में मांग करने लगा।
आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर मारपीट और प्रताड़ना करते रहे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोनों देवर उसके साथ छेड़छाड़ करते और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाते थे।
जान से मारने का प्रयास किया
पीड़िता के अनुसार 3 जून 2025 को दोपहर करीब तीन बजे सभी ससुरालियों ने एकराय होकर उसके साथ मारपीट की। दहेज देने से इनकार करने पर पति ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया, जबकि अन्य परिजनों ने बेरहमी से मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद पीड़िता को मात्र पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया
घटना के बाद से पीड़िता अपने मायके गांव रसीदपुर में रह रही है। आरोप है कि समझौते के प्रयास भी किए गए, लेकिन ससुराल पक्ष दहेज की मांग पर अड़ा रहा। बाद में पति सितंबर 2025 में उसको तीन तलाक देकर चला गया। पीड़िता का आरोप है कि उसका समस्त स्त्रीधन अब भी ससुराल पक्ष के कब्जे में है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।