भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को गोवा के चिंबल में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया और कहा कि संविधान और लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने ही आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया था। कांग्रेस की राजनीति में परिवारवाद और तुष्टीकरण हावी है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सेवा, समर्पण, विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
विकसित गोवा का लक्ष्य पूरा
नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में भाजपा सरकार वर्ष 2037 तक विकसित गोवा का लक्ष्य पूरा करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दामोदर नाइक, भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं गोवा प्रभारी भारती पवार, सह-प्रभारी अनिल एंटनी, राज्यसभा सांसद सदानंद तानावड़े सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
तीन बातों से बड़ी खुशी हो रही
उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा का कार्यकर्ता उत्साह और ऊर्जा के साथ जमीन पर संघर्ष करता रहेगा, तब तक कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिला नहीं सकता। आज भारतीय जनता पार्टी, गोवा प्रदेश की कार्यसमिति की बैठक में मुझे तीन बातों से बड़ी खुशी हो रही है। पहली, गोवा के इस कार्यालय का नाम श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया है। इसके निर्माण में सहयोग करने वाले सभी लोगों और मजदूरों का मैं अभिनंदन करता हूं। दूसरी, सभागार का नाम श्रद्धेय मनोहर पर्रिकर जी के नाम पर रखा गया है, जिसके लिए गोवा प्रदेश की पूरी टीम बधाई की पात्र है।
'विकसित गोवा' बनाने के संकल्प
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के चेहरों पर दिख रहा विश्वास मुझे आश्वस्त कर रहा है कि गोवा में 2027 में हर बूथ पर कमल खिलेगा। गोवा की टीम ने तय कर लिया है कि इस बार केवल सरकार ही नहीं बनानी है, बल्कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में राज्य में जो विकास की गति बनी है, उसे आगे बढ़ाते हुए 2037 तक 'विकसित गोवा' बनाने के संकल्प को भी पूरा करना है।