Hapur News: हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला ने अपने पति पर मारपीट, जबरन शारीरिक संबंध बनाने, अप्राकृतिक संबंध का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चे को भी बेड पर जोर से फेंक दिया
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी तीन मई 2023 को जिला गाजियाबाद के थाना नंदग्राम क्षेत्र के सेवा नगर गली नंबर चार के युवक के साथ हुआ था। पति की प्रताड़ना से परेशान होकर वह हापुड़ के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही है। आरोप है कि आठ मार्च 2026 की सुबह करीब दस बजे उसका पति अचानक उसके मकान पर पहुंच गया। उस समय वह अपने छोटे बेटे को दूध पिला रही थी। आरोप है कि पति ने आते ही उसके साथ जोर-जबरदस्ती शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपीने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। शोर होने पर बच्चा रोने लगा तो आरोपी ने बच्चे को भी बेड पर जोर से फेंक दिया।
सिर को दीवार पर लगे शीशे से दे मारा
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसके बाल पकड़कर उसके सिर को दीवार पर लगे शीशे से दे मारा। जबरन बाथरूम में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। साथ ही उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने का प्रयास भी किया। इस दौरान पीड़िता की छाती में चोट आई। महिला ने बताया कि वह उस समय गर्भवती थी और पति द्वारा की गई मारपीट व जबरदस्ती के कारण उसे रक्तस्राव होने लगा।
पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की
घटना के दौरान पीड़िता ने पुलिस को सूचना देने के लिए मोबाइल उठाया। इस पर आरोपी ने उसका मोबाइल छीन लिया और धमकी देते हुए कहा कि अगर उसने शिकायत की तो वह उसे जान से मार देगा। आरोप है कि उसका पति अक्सर अपने सगे भाई के साथ पीड़िता के अवैध संबंध होने का झूठा आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। न्याय के लिए पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की।
पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले में पीड़िता की तहरीर पर उसके पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।