मेरठ। प्रधानी रंजिश को लेकर पाली गांव में कार सवार बदमाशों ने प्रधान पति के घर के बाहर जमकर 20 राउंड फायरिंग की। इस घटना से जहां प्रधान पति का परिवार दहशत में है, वहीं गांव के लोग भी भयभीत है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। आरोपियों की तलाश में एसपी देहात के नेतृत्व में पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। एसएसपी का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो गई है। जल्द सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के पाली गांव निवासी लोकेंद्र की पत्नी सरिता प्रधान है। उनकी गांव के ही लोगों से प्रधानी के चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। गुरुवार शाम लोकेंद्र बाइक से हस्तिनापुर से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव के आशीष उर्फ मास्टर, आकाश और तीन अन्य अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। प्रधानी रंजिश के चलते आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आशीष ने तमंचे से लोकेंद्र पर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। लोकेंद्र के भाई सतेंद्र ने बताया, रात तीन बजे आरोपी कार से भाई के घर पहुंचे और दहशत फैलाने के लिए 20 राउंड फायरिंग की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को वहां से 315 और 12 बोर के खाली खोल मिले। पीड़ित ने बताया, आरोपी पहले भी उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। इस संबंध में 22 अगस्त 2025 को भी हस्तिनापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन धमकियां जारी थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि फायरिंग के दौरान आरोपी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज भी कर रहे थे। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा, जिसमें आरोपी फायरिंग और गाली-गलौज करते हुए सुनाई दे रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
वीडियो पर लिया संज्ञान,गांव में चला सर्च ऑपरेशन
शनिवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। एसपी देहात अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सीओ पंकज लवानिया व हस्तिनापुर थाना प्रभारी शशांक द्विवेदी ने पुलिस फोर्स के साथ आरोपियों की तलाश में गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए प्रधान पति के घर पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए है। बताया गया है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने आरोपियों के घर की तलाशी ली और ग्रामीणों से पूछताछ भी की।