Muzaffarnagar News: जनपद के थाना छपार क्षेत्र के ग्राम सिंभावली में रात्रि में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने विवाद होने पर अपनी 46 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया।
गुस्से में पेड़ लगाने वाले औजार से हत्या कर दी
सीओ सदर डॉ रविशंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 व 12 अप्रैल 2026 की रात्रि में थाना क्षेत्र छपार के गांव सिम्भालकी से डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना पर डायल 112 व थाना छपार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा जानकारी प्राप्त हुई कि गांव सिंभालकी निवासी 50 वर्षीय पूरन सिंह उर्फ पिंटू पुत्र स्वर्गीय जयपाल सिंह द्वारा अपनी 46 वर्षीय पत्नी सविता की किसी बात पर विवाद होने पर गुस्से में पेड़ लगाने वाले बर्मा(औजार) से हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार
हत्यारे पति ने अपनी पत्नी के चेहरे, पेट व पैर पर धारदार औजार से बुरी तरह वार के, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पूरन मौके से फरार हो गया है। घटना के समय परिवार में दोनों बच्चे बाहर गए हुए थे तथा घर पर मृतका की करीब 90 वर्षीय सास ही मौजूद थी।
पुलिस टीमों का गठन किया गया
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि फरार आरोपी पूरन शराब पीने का आदि था। घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ सदर के साथ फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया गया है। स्थानीय पुलिस द्वारा मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही हेतु भिजवाया गया है। अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु थाना छपार पर पुलिस टीमों का गठन किया गया है।