नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में सौतेले पिता की दरिंदगी ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि पिता ने नुकीले हथियार से वार कर 12 साल के सौतेले बेटे की हत्या कर दी और वारदात के बाद पत्नी को वीडियो कॉल कर बच्चे का शव दिखाया। आरोपी ने लोकेशन बताते हुए कहा कि जाकर अपना बच्चा उठा ले, इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान अल्तमश के रूप में हुई है। मां मुमताज की शिकायत पर शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी वाजिद की तलाश में दबिश दी जा रही है।
परिवार के अनुसार अल्तमश अपनी मां, भाइयों और सौतेले पिता के साथ शास्त्री पार्क में रहता था। बहन ईरम ने बताया कि वर्ष 2019 में पिता शफीक की मौत के बाद मां ने वाजिद से निकाह किया था। वाजिद पहले से शादीशुदा है और रिक्शा चलाता है। बीते एक सप्ताह से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिससे परेशान होकर मुमताज अपनी बहन के घर रहने चली गई थी। इसी दौरान यह वारदात हुई।
ईरम के मुताबिक गुरुवार को अल्तमश और उसका भाई वसी स्कूल से छुट्टी के समय बाहर निकले, तभी वाजिद रिक्शा लेकर पहुंचा और दोनों बच्चों को साथ ले गया। शास्त्री पार्क लालबत्ती के पास बड़े बच्चे को रिक्शे में बैठा छोड़कर आरोपी छोटे बच्चे को झाड़ियों की ओर यह कहकर ले गया कि उसे कुछ दिखाएगा। करीब एक घंटे बाद वह अकेला लौटा और बच्चे के घर जाने की बात कहकर दूसरे बच्चे को भेज दिया। शाम तक अल्तमश के न लौटने पर तलाश शुरू हुई। शुक्रवार सुबह आरोपी ने वीडियो कॉल कर हत्या की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों को झाड़ियों में बच्चे का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।