New Traffic Rules: तेलंगाना सरकार ने राज्य की ट्रैफिक चालान प्रणाली को पूरी तरह से डिजिटल, पारदर्शी और सख्त बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है।अब राज्य में ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाले गाड़ी चालकों को मिलने वाला चालान सीधे उनके SMS, ईमेल और WhatsApp के जरिए भेजे जाएंगे। इससे किसी भी गाड़ी मालिक को उसके चालान की जानकारी तुरंत उसके मोबाइल पर मिल जाएगी।
माना जाएगा 'लीगल नोटिस'
ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी और डिलीवर किए गए इस डिजिटल ई-चालान को पूरी तरह से आधिकारिक और मान्य माना जाएगा। यदि किसी व्यक्ति को WhatsApp, SMS या ईमेल पर चालान का संदेश मिलता है, तो उसे एक वैध लीगल नोटिस माना जाएगा।
गाड़ी मालिक समय पर कर सकेंगे भुगतान
इस फैसले का एक और बड़ा मकसद ट्रैफिक नियमों के पालन को मजबूत करना है। सरकार का कहना है कि अक्सर लोग यह दावा करते थे कि उन्हें चालान की जानकारी डाक या मैन्युअल रूप से समय पर नहीं मिली, जिससे जुर्माने के भुगतान में देरी होती थी। जिससे आगे चलकर जुर्माना और बढ़ सकता है या कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। डिजिटल सिस्टम आने से अब चालान की जानकारी तुरंत मिल जाएगी और लोग समय पर भुगतान कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: महंगे पेट्रोल की टेंशन खत्म! कल लॉन्च होने जा रही है देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिल, जानें क्या होगी खासियत
नंबर को करवाना होगा अपडेट
इस व्यवस्था का लाभ उठाने के लिए वाहन मालिकों को सबसे पहले केंद्रीय वाहन पंजीकरण प्रणाली (VAHAN Database) पर अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी बिल्कुल सही और अपडेट रखना होगा। अगर किसी ने अपना नंबर अपडेट नहीं किया है तो उसे चालान की जानकारी समय पर नहीं मिल सकेगी। सरकार ने गाड़ी मालिकों को सलाह दी है कि वे अपनी डिटेल्स तुरंत अपडेट करें ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
फर्जी चालान से सावधान
इस नई सुविधा के साथ लोगों को एक चेतावनी भी जारी की गई है। पिछले कुछ समय में देशभर में फर्जी ट्रैफिक चालान के मैसेज भेजकर लोगों से पैसे और बैंक डिटेल्स ठगने वाले साइबर अपराधियों के मामले तेजी से बढ़े हैं। इसलिए पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी जांच जरूर करें और केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल या ऐप का ही उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करके अपनी नेट बैंकिंग या यूपीआई पिन दर्ज न करें।