मेरठ के परतापुर इलाके में उस समय सनसनी मच गई जब एक किशोरी की सिर कटी लाश बरामद हुई. बताया जा रहा है कि गुरूवार को ग्रामीणों ने रजबहे में एक सिर कटी लाश देखी थी, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई.
पर्ची से हुई पहचान
मृतका की जेब से पुलिस को एक पर्ची मिली है. जिससे उसकी पहचान की जा सकी. बताया जा रहा है कि लड़की का नाम तनिष्का है, जो 17 साल की थी और बारहवीं की छात्रा थी.
प्रेम प्रसंग के चलते हत्या
घटना के बाद मृतका के परिजनों से कड़ाई से पूछताछ की गई. पुलिस ने जानकारी दी है कि मामला प्रेम प्रसंग का है. मृतका के परिजन प्रेम संबंध से नाराज थे, जिस वजह से घर वालों ने ही किशोरी की गला दबाकर हत्या की थी और सिर काट के कहीं और फेंक दिया था. पूछताछ के बाद मृतका की मां और अन्य परिजनों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे और पूछताछ की जाएगी.
मां ने बॉयफ्रेंड से बात करते देखा था
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस जब मृतका के घर पहुंची तो परिजनों ने बताया कि किशोरी बुधवार से लापता है. जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर मृतका की मां और दो नाबालिग भाइयों को हिरासत में लिया. मां ने बताया कि उसने बेटी को अपने बॉयफ्रेंड से बात करते देख लिया था. जिसके बाद उसने फोन छीनने की कोशिश की. इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई और उसने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी.
भाइयों और भतीजों को बुलाकर शव ठिकाने लगाया
मृतका की मां ने बताया कि शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने अपने भाइयों और भतीजों को बुलाया. कार से सभी दादरी गांव पहुंचे, जहां धारदार हथियार से लाश से सिर को काटा गया और धड़ परतापुर के बहादरपुर रजबहे में फेंक दिया.
सिर की तलाश जारी
एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बताया कि ममेरे भाई मंजीत की निशानदेही पर कटे हुए सिर की तलाश देर रात तक जारी रही. तमाम आलाधिकारियों के साथ कई थानों की फोर्स भी लगाई गई है.
फिलहाल मृतका की मां, दो भाई, दो मामा, ममेरे भाई और दोस्त को हिरासत में लिया गया है. जबकि एक मौसेरा भाई अभी भी फरार है. वहीं घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर लिया गया है.