
बुलंदशहर। खुर्जा के मुंडाखेड़ा मार्ग पर कई वर्ष से बंद पड़ी एग्रियोटेक फूड्स नाम की मीट फैक्ट्री में आयकर की टीम ने सोमवार को सर्वे किया। टीम ने वहां पर जांच की और फैक्ट्री को लेकर दस्तावेज आदि भी देखे गए हैं। फैक्ट्री हापुड़ निवासी हाजी यासीन की बताई गई। जिसके अन्य जनपदों में स्थित व्यवसायिक ठिकानों पर भी विभाग द्वारा सर्वे किया गया है।
खुर्जा में मुंडाखेड़ा मार्ग पर चितोला गांव के निकट एग्रियोटेक फूड्स नाम की मीट फैक्ट्री स्थित है। स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री करीब सात-आठ वर्षों से बंद पड़ी हुई है। जहां पर सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीम सर्वे के लिए पहुंच गई। टीम ने पहुंचने के बाद अपनी कारों को फैक्ट्री के अंदर करा लिया और उसके बाद फैक्ट्री के गेट बंद करा दिए। जहां पहुंचने के बाद टीम द्वारा जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। जांच के दाैरान टीम द्वारा किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया गया। साथ ही फैक्ट्री से बाहर निकलने पर भी रोक लगा दी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों पूर्व फैक्ट्री का संचालन होता था, लेकिन अब करीब आठ से अधिक वर्ष से फैक्ट्री का संचालन बंद पड़ा हुआ है। कभी-कभी कुछ लाेग फैक्टरी देखने आते रहते हैं। बताया जा रहा है कि बंद पड़ी फैक्ट्री हापुड़ निवासी हाजी यासीन की है। उनके हापुड़े समेत अन्य जनपदों में स्थित व्यवसायिक ठिकानों पर भी टीम द्वारा सर्वे किया गया है। उधर सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि टीम ने सर्वे को लेकर काेई जानकारी नहीं दी है।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान विभाग को कुछ अहम वित्तीय लेनदेन और खातों से संबंधित दस्तावेजों के बारे में जानकारी मिली है, जिन्हें खंगाला जा रहा है। छापेमारी की खबर फैलते ही जिले में हड़कंप मच गया, वहीं फैक्ट्री परिसर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। फिलहाल इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई कई घंटों से जारी है।