T20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होनी है। ग्रुप A का यह मैच सबसे ज्यादा चर्चा में है। हालिया विवाद और एशिया कप 2025 में हुए तनाव के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल मौसम को लेकर खड़ा हो गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी
श्रीलंका के मौसम विभाग ने 15 फरवरी को दक्षिण-पूर्व क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका जताई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि सरकारी बयान में सीधे बारिश का जिक्र नहीं है, लेकिन मौसम से जुड़ी वेबसाइट्स के अनुसार शाम 6 से 8 बजे के बीच बारिश की संभावना है। यही समय मैच का अहम हिस्सा हो सकता है।
रद्द हुआ तो क्या होगा
अगर बारिश के कारण मुकाबला नहीं हो पाता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेंगे। फिलहाल भारत और पाकिस्तान दोनों के 4-4 अंक हैं। ऐसे में मैच रद्द होने पर दोनों के 5-5 अंक हो जाएंगे और दोनों टीमों का सुपर 8 में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा। यानी बिना खेले ही अगले दौर का रास्ता साफ हो सकता है।
किसे होगा फायदा, किसे नुकसान
अगर मैच धुल जाता है तो सबसे ज्यादा नुकसान अमेरिका और नीदरलैंड को होगा। दोनों टीमों के 2-2 अंक हैं और उनके पास सिर्फ एक-एक मैच बचा है। भले ही वे अपने आखिरी मुकाबले जीत जाएं, तब भी उनके 4 अंक ही होंगे, जो सुपर 8 में पहुंचने के लिए काफी नहीं होंगे।
इसे भी पढ़ें : Kohli का रिकॉर्ड खतरे में, क्या Tilak या Abhishek तोड़ देंगे Pakistan के खिलाफ छक्कों का ताज?
अगर मैच का नतीजा निकला
अगर मुकाबला पूरा होता है और कोई टीम जीतती है तो हारने वाली टीम पर दबाव बढ़ जाएगा। उसे अगले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। नीदरलैंड का आखिरी मैच भारत से है, जो उसके लिए आसान नहीं होगा। वहीं अमेरिका का सामना नामीबिया से है, जिसने अभी तक कोई मैच नहीं जीता है।
गणित अभी बाकी है
मान लीजिए भारत पाकिस्तान को हरा देता है और फिर नामीबिया पाकिस्तान को हराकर उलटफेर कर देता है, जबकि अमेरिका अपना मैच जीत लेता है, तो स्थिति बदल सकती है। ऐसे में सुपर 8 का समीकरण पूरी तरह बदल जाएगा। फिलहाल सबकी नजर 15 फरवरी के मौसम और इस हाई वोल्टेज मुकाबले पर टिकी है।