Three Hour LPG Delivery : LPG सिलेंडर की डिलीवरी के लिए कई बार ग्राहकों को लंबा इंतजार करना पड़ता है, लेकिन अब इंडियनऑयल ने ऐसी सुविधा शुरू करने का दावा किया है, जो इस इंतजार को काफी कम कर सकती है। कंपनी ने ‘इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ’ नाम से नई सेवा पेश की है। इसके तहत 10 किलोग्राम के कंपोजिट LPG सिलेंडर की बुकिंग के करीब तीन घंटे के भीतर होम डिलीवरी का दावा किया गया है। हालांकि, यह सुविधा सभी जगहों पर समान रूप से उपलब्ध होगी या नहीं, यह संबंधित क्षेत्र में सेवा की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।
सुबह 6 बजे बुकिंग और 9 बजे तक डिलीवरी का दावा
इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत इसका तेज डिलीवरी सिस्टम बताया जा रहा है। मसलन, अगर किसी ग्राहक के क्षेत्र में यह सुविधा उपलब्ध है और सुबह 6 बजे सिलेंडर बुक किया जाता है, तो कंपनी के दावे के मुताबिक करीब तीन घंटे के भीतर यानी सुबह 9 बजे तक डिलीवरी हो सकती है। इसका उद्देश्य उन ग्राहकों को राहत देना है, जिन्हें अचानक LPG खत्म होने पर रिफिल के लिए ज्यादा इंतजार करना पड़ता है।
10 किलो का सिलेंडर स्टील वाले से कितना अलग
इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ में 10 किलोग्राम का कंपोजिट LPG सिलेंडर दिया गया है। पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में इसे हल्का और जंग-मुक्त बताया गया है, जिससे इसे उठाना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान हो सकता है। इसकी ट्रांसपेरेंट बॉडी की वजह से सिलेंडर में बची गैस का स्तर भी बाहर से देखा जा सकता है। इससे ग्राहकों को अंदाजा लगाने में आसानी होगी कि रिफिल की जरूरत कब पड़ने वाली है।
ये भी पढ़ें : RAC या वेटिंग टिकट है तो ट्रेन में सीट मिलने का रास्ता हुआ आसान, मोबाइल पर ऐसे खुल जाएगा पूरा राज
बुकिंग के साथ मिलेंगी कई डिजिटल सुविधाएं
इंडियनऑयल के मुताबिक, इस सेवा में तेज डिलीवरी के साथ पसंदीदा समय पर सप्लाई, आसान कनेक्शन प्रक्रिया और न्यूनतम दस्तावेज जैसी सुविधाएं शामिल हैं। कंपनी इसे डिजिटल रूप से सक्षम सेवा के तौर पर पेश कर रही है। खासतौर पर शहरी परिवारों, कामकाजी लोगों और छोटे परिवारों के लिए इसे सुविधाजनक बनाने का दावा किया गया है।
ऐप से लेकर WhatsApp तक, ऐसे कर सकेंगे बुकिंग
ग्राहक इंडियनऑयल ONE ऐप, इंडियनऑयल के ग्राहक पोर्टल और WhatsApp के जरिए नए कनेक्शन या रिफिल की बुकिंग कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार यह सेवा चुनिंदा इंडेन वितरकों और इंडियनऑयल के कुछ रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से उपलब्ध होगी। ऐसे में तीन घंटे की डिलीवरी का लाभ तभी मिलेगा, जब ग्राहक के इलाके में ‘इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ’ सेवा उपलब्ध हो और बुकिंग उस सेवा के तहत स्वीकार की जाए।