दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में श्रीलंका-ए और इंडिया-ए आमने-सामने हैं। श्रीलंका-ए के कप्तान सहान अराचिगे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि टीम पहले ही अफगानिस्तान-ए के खिलाफ एक मैच हार चुकी है। खबर लिखे जाने तक इंडिया-ए ने 32.1 ओवर में 7 विकेट पर 143 रन बना लिए थे।
वैभव ने की तेज शुरुआत
इंडिया-ए की ओर से वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने पारी की शुरुआत की। वैभव ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी दिखाई और कुछ शानदार शॉट लगाए। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में 21 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। हालांकि बड़ी पारी खेलने की कोशिश में वह चौथे ओवर में कैच आउट हो गए। उनके आउट होने पर टीम का स्कोर 29 रन था।
प्रभसिमरन भी जल्दी लौटे
वैभव के बाद प्रभसिमरन सिंह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। उन्होंने 13 गेंदों पर 11 रन बनाए और सातवें ओवर में पवेलियन लौट गए। मोहम्मद शिराज की धीमी गेंद पर वह सही टाइमिंग नहीं कर सके और मिड-ऑफ पर आसान कैच दे बैठे। उस समय भारत का स्कोर 39 रन था और टीम शुरुआती दबाव में आ गई थी।
ऋतुराज ने संभाला मोर्चा
शुरुआती झटकों के बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालने की कोशिश की। उन्होंने संयम और समझदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 37 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके शामिल रहे। ऐसा लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन स्पिनर विजयकांत व्यासकांत ने उन्हें आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया। उनके आउट होने तक टीम का स्कोर 111 रन पहुंच चुका था।
मिडिल ऑर्डर ने किया निराश
कप्तान तिलक वर्मा भी इस मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल सके और 23 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आयुष बदोनी 15, निशांत सिंधु 6 और अनुकूल रॉय 8 रन बनाकर चलते बने। लगातार विकेट गिरने से भारत की रनगति भी प्रभावित हुई और टीम मजबूत स्कोर की ओर बढ़ने के बजाय संघर्ष करती नजर आई।
इसे भी पढ़ें : एमपी की बेटी माही लामा का बड़ा मुकाम: बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व, चीन के लिए हुईं रवाना
फाइनल की रेस में अहम मुकाबला
ट्राई सीरीज में इंडिया-ए ने पहले मैच में श्रीलंका-ए को 8 रन से हराया था, लेकिन दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान-ए से डीएलएस नियम के तहत हार मिली। ऐसे में यह मैच फाइनल की दौड़ के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। 17 जून को भारत का अगला मुकाबला अफगानिस्तान-ए से होगा, जबकि 21 जून को टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि इंडिया-ए इस मुश्किल स्थिति से कितना बड़ा स्कोर खड़ा कर पाती है।