
भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच अब तीन मैचों की अनऑफिशियल ODI सीरीज शुरू होने जा रही है. इससे पहले दोनों टीमों के बीच दो अनऑफिशियल टेस्ट खेले गए थे, जिसमें भारत ने 1-0 से जीत दर्ज की थी. जिसकी खास बात यह रही कि दूसरे टेस्ट में भारत ने 412 रनों का बड़ा लक्ष्य चेज कर ऐतिहासिक जीत हासिल की थी.
अय्यर करेंगे इंडिया-ए की कप्तानी
वहीं आगामी ODI सीरीज में श्रेयस अय्यर भारत ए की कमान संभालेंगे. उनके लिए यह सीरीज खास है क्योंकि वह लगभग छह महीने बाद लिस्ट-ए क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. अय्यर के साथ टीम में IPL से पहचान बनाने वाले युवा खिलाड़ी भी उतरेंगे. प्रियांश आर्य, रियान पराग और प्रभसिमरन सिंह जैसे नाम फैंस को रोमांचक क्रिकेट का अहसास कराने के लिए तैयार हैं.
ऑस्ट्रेलिया ए का अनिश्चित नेतृत्व
ऑस्ट्रेलिया ए की कप्तानी को लेकर अब तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है. हालांकि टीम में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं. इस सीरीज से आरोन हार्डी पहले ही बाहर हो चुके हैं, लेकिन विल सदरलैंड, जैक एडवर्ड्स और जेक फ्रेजर-मैकगर्क जैसे खिलाड़ी टीम की रीढ़ माने जा रहे हैं.
पहला मैच कहां और कब?
मिली जानकारी के अनुसार दोनों टीमों के बीच पहला अनऑफिशियल ODI 30 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच की शुरुआत दोपहर 1:30 बजे से होगी. हालांकि फैंस के लिए निराशाजनक खबर यह है कि इस मैच का टीवी पर प्रसारण या ऑनलाइन स्ट्रीमिंग उपलब्ध नहीं होगी. स्टार स्पोर्ट्स के पास घरेलू सीजन के प्रसारण अधिकार हैं, लेकिन उन्होंने अब तक अपने चैनलों पर इसका कवरेज तय नहीं किया है. ऐसे में दर्शक केवल इंडिया टीवी की वेबसाइट पर लाइव स्कोर और ताजा अपडेट देख पाएंगे.
दोनों टीमों के स्क्वॉड
ऑस्ट्रेलिया-ए टीम: जेक फ्रेजर-मैकगर्क, मैकेंजी हार्वे, जैक एडवर्ड्स, कूपर कोनोली, विल सदरलैंड, लाचलान शॉ (विकेटकीपर), लियाम स्कॉट, तनवीर सांघा, टॉड मर्फी, हेनरी थॉर्नटन, सैम इलियट, हैरी डिक्सन, टॉम स्ट्राकर।
इसे भी पढ़ें : Australia को लगा बड़ा झटका, नेट प्रैक्टिस में Glenn Maxwell हुए चोटिल, New Zealand T20 सीरीज से बाहर
इंडिया-ए टीम: प्रियांश आर्य, रियान पराग, श्रेयस अय्यर (कप्तान), आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, विप्रज निगम, निशांत सिंधु, गुरजापनीत सिंह, युद्धवीर सिंह चरक, रवि बिश्नोई, सिमरजीत सिंह।
फैंस की उम्मीदें
इस टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत ए टीम से फैंस को ODI मुकाबलों में भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है. वहीं ऑस्ट्रेलिया ए अपने युवा खिलाड़ियों के दम पर वापसी करने की कोशिश करेगा. यह सीरीज दोनों टीमों के उभरते खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगी.