India Afghanistan T20 Series : अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीरीज के सभी मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
संजू सैमसन की वापसी
टीम चयन में सबसे बड़ी चर्चा संजू सैमसन की वापसी को लेकर रही। जिम्बाब्वे दौरे की टीम में शामिल नहीं किए गए संजू को इस बार फिर मौका मिला है। विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर वह टीम का हिस्सा होंगे। उनके साथ ईशान किशन भी विकेटकीपिंग विकल्प के रूप में मौजूद रहेंगे।
वैभव पर कायम रहा भरोसा
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लगातार दूसरा बड़ा मौका मिला है। जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा बरकरार रखा है। अभिषेक शर्मा और वैभव को टीम के भविष्य के अहम बल्लेबाजों में देखा जा रहा है। युवा खिलाड़ियों को लगातार मौके देने का संदेश भी इस चयन से साफ दिखा।
चार खिलाड़ियों की फिटनेस पर नजर
जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनका चयन फिटनेस टेस्ट पास करने की शर्त पर किया गया है। अगर ये खिलाड़ी पूरी तरह फिट पाए जाते हैं तो ही मैदान पर उतरेंगे। टीम प्रबंधन उनकी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
रिंकू समेत 8 खिलाड़ियों की छुट्टी
जिम्बाब्वे दौरे की तुलना में इस बार कई खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। रिंकू सिंह, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा, मयंक यादव, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर, प्रभसिमरन सिंह और हर्ष दुबे को इस सीरीज के लिए नहीं चुना गया। यह फैसला टीम संयोजन और नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : 2027 में Bjp का चेहरा कौन? Keshav Maurya के बयान से फिर तेज हुई चर्चा
13 सितंबर से शुरू होगा मुकाबला
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा 17 सितंबर को खेला जाएगा। तीनों मैच नई दिल्ली में होंगे। भारतीय टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन देखने को मिलेगा, जबकि अफगानिस्तान की टीम भी राशिद खान, मोहम्मद नबी और इब्राहिम जादरान जैसे खिलाड़ियों के साथ कड़ी चुनौती पेश करने के लिए तैयार है।