India-Africa summit: भारत और अफ्रीकन यूनियन के बीच होने वाला चौथा भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह सम्मेलन 28 से 31 मई 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होना था। दोनों पक्षों ने अफ्रीका के कुछ हिस्सों में उभरती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया है।
कई दौर की चर्चा के बाद फैसला
भारत सरकार, अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ आयोग के बीच इस मुद्दे पर कई दौर की बातचीत हुई। चर्चाओं के बाद यह तय किया गया कि मौजूदा परिस्थितियों में सम्मेलन को टालना बेहतर होगा, ताकि सभी अफ्रीकी नेताओं और प्रतिनिधियों की पूरी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
भारत ने सहयोग जारी रखने का भरोसा दिया
भारत ने अफ्रीका CDC और संबंधित राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थानों को हर संभव सहयोग देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। सरकार ने कहा कि वह अफ्रीकी देशों के साथ मिलकर सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों और आपात प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के लिए लगातार काम करता रहेगा।
यह भी देखेंःMajor decision before Eid: ईद से पहले बड़ा फैसला, बंगाल में पशु वध पर लगी रोक हाई कोर्ट ने रखी कायम
नई तारीखों का बाद में होगा ऐलान
दोनों पक्षों ने कहा है कि सम्मेलन और उससे जुड़े कार्यक्रमों की नई तारीखें आपसी सहमति से तय की जाएंगी। नई तारीखों की आधिकारिक घोषणा बाद में की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता स्वास्थ्य स्थिति पर नियंत्रण और सुरक्षित भागीदारी सुनिश्चित करने पर रखी गई है।
भारत-अफ्रीका संबंधों पर नहीं पड़ेगा असर
भारत और अफ्रीकी देशों ने अपने पुराने और मजबूत रिश्तों को दोहराते हुए कहा कि यह साझेदारी आपसी सम्मान, विकास, दक्षिण-दक्षिण सहयोग और साझा समृद्धि पर आधारित है। विशेषज्ञों का मानना है कि सम्मेलन स्थगित होने के बावजूद भारत की अफ्रीका नीति और रणनीतिक सहयोग पर इसका कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।