INDIA Alliance SIR Meeting : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR विवाद को लेकर INDIA गठबंधन की अहम बैठक 30 सितंबर को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने जा रही है। लेकिन बैठक से पहले ही विपक्षी एकता को झटका लगा है। सूत्रों के मुताबिक DMK और आम आदमी पार्टी इस बैठक में अपने प्रतिनिधि नहीं भेजेंगी। दोनों दल चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ मुखर हैं, लेकिन कांग्रेस के साथ राजनीतिक मतभेदों के चलते बैठक से दूरी बनाए हुए हैं। इससे विपक्ष की साझा रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं।
अखिलेश यादव खुद नहीं होंगे शामिल
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी इस बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं होंगे। हालांकि उनकी पार्टी की ओर से प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि अखिलेश यादव राज्यसभा चुनाव के नामांकन कार्यक्रम में व्यस्त हैं और इसी वजह से नहीं आ पाएंगे। सपा की मौजूदगी बनी रहेगी, लेकिन अखिलेश की गैरमौजूदगी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।
ममता, सुप्रिया सुले और उद्धव ठाकरे की मौजूदगी
बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली पहुंच रही हैं और वह इसमें हिस्सा लेंगी। वहीं एनसीपी (शरद पवार गुट) की ओर से सुप्रिया सुले, जितेंद्र आव्हाड और पी.एस. चाको शामिल होंगे। शरद पवार मुंबई से ऑनलाइन जुड़ेंगे। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लेंगे। विपक्षी दलों की कोशिश है कि चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर साझा रणनीति तैयार की जाए।
इसे भी पढ़ें : अस्पताल के बेड से एशियन गेम्स के गोल्ड तक, Neeru Dhanda ने रचा इतिहास, बीमारी भी नहीं रोक सकी जीत का सफर
SIR विवाद के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल
23 सितंबर को सामने आए एक मीडिया खुलासे के बाद चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है। इसी मुद्दे पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने INDIA गठबंधन की बैठक बुलाने की पहल की थी। माना जा रहा है कि बैठक में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, SIR प्रक्रिया और आगे की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में राहुल गांधी भी इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाने की बात कह चुके हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रमुख सहयोगी दलों की गैरमौजूदगी के बावजूद विपक्ष इस बैठक से कितना बड़ा राजनीतिक संदेश देने में सफल होता है।