India Argentina Pharma Trade : अमेरिकी टैरिफ नीतियों के बीच भारत ने अपने फार्मास्युटिकल सेक्टर के लिए नए बाजार तलाशने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अर्जेंटीना ने भारतीय दवा कंपनियों के लिए अपने बाजार में प्रवेश आसान बनाने और नियामकीय बाधाओं को कम करने का वादा किया है। इससे भारतीय फार्मा कंपनियों को अमेरिकी बाजार पर निर्भरता घटाने और लैटिन अमेरिकी बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का अवसर मिल सकता है।
दवाओं की एंट्री आसान करने की तैयारी
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, अर्जेंटीना ने अपने फार्मास्युटिकल रेगुलेटरी फ्रेमवर्क में भारत को ‘एनेक्स II’ से ‘एनेक्स I’ में अपग्रेड करने का भरोसा दिया है। इसके साथ ही भारतीय कंपनियों के लिए बाजार में प्रवेश से जुड़ी बाधाओं को कम करने की दिशा में काम करने की बात कही गई है। इससे भारतीय दवाओं के लिए अर्जेंटीना का बाजार पहले के मुकाबले अधिक सुलभ हो सकता है।
ब्यूनस आयर्स में हुई अहम बातचीत
यह मुद्दा वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल की अर्जेंटीना यात्रा के दौरान भारत-अर्जेंटीना जॉइंट ट्रेड कमिटी की बैठक में उठा। 24 अगस्त 2026 को ब्यूनस आयर्स के पलासियो सैन मार्टिन में हुई इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने के कई मुद्दों पर चर्चा हुई। फार्मास्युटिकल क्षेत्र को भी द्विपक्षीय सहयोग के अहम क्षेत्रों में शामिल किया गया।
ये भी पढ़ें : E20 Petrol पर 31 अगस्त को खुलेगा बड़ा राज? सुप्रीम कोर्ट में होगा फैसला
6.5 अरब डॉलर के पार पहुंचा कारोबार
भारत और अर्जेंटीना के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2025 में 6.5 अरब डॉलर से ज्यादा रहा। इसमें सालाना 17 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। दोनों देशों ने माइनिंग, एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश के अवसरों पर भी चर्चा की। अर्जेंटीना के लिथियम सेक्टर में भारतीय कंपनी KABIL की गतिविधियों को भी आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
फार्मा से आगे भी बढ़ेगा सहयोग
भारत और अर्जेंटीना के बीच सहयोग का दायरा केवल दवाओं तक सीमित नहीं रहने वाला है। दोनों देशों ने एविएशन, स्पेस टेक्नोलॉजी, टेलीकम्युनिकेशन और डिजिटल सर्विस जैसे क्षेत्रों में नए अवसर तलाशे हैं। 5G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में भी साझेदारी की संभावनाएं देखी जा रही हैं। साथ ही भारत और मर्कोसुर के बीच मौजूदा PTA के विस्तार पर भी बातचीत आगे बढ़ रही है। ऐसे में अर्जेंटीना भारत के लिए फार्मा समेत कई क्षेत्रों में अमेरिकी बाजार से अलग नए कारोबारी अवसरों का अहम केंद्र बन सकता है।