ब्रिस्बेन के द गाबा में भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शुरू तो बेहद धमाकेदार अंदाज़ में हुआ था, लेकिन खत्म बारिश की तूफानी एंट्री के साथ हुआ. भारत ने जैसे ही बिना विकेट गंवाए 4.5 ओवर में 52 रन ठोक दिए, आसमान में काली घटाएं छा गईं और देखते ही देखते मैदान पानी से भर गया. भारी बारिश और बिजली की वजह से मैच रद्द करना पड़ा, लेकिन असली फायदा टीम इंडिया को मिला. मुकाबला तो अधूरा रहा, लेकिन सीरीज का ताज भारत के सिर ही सजा। भारत ने कंगारुओं को 2-1 से मात देकर ये साबित कर दिया कि T20 क्रिकेट में बादशाहत अभी भी उसी के पास है.
गिल–अभिषेक का ताबड़तोड़ तूफान
मैच रुकने से ठीक पहले भारतीय ओपनर्स ने ऐसा प्रहार किया कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज संभल ही नहीं पाए शुभमन गिल ने 16 गेंदों में 29 रन ठोकते हुए साफ कर दिया कि ब्रिस्बेन की पिच पर रंग उनका ही था. दूसरी ओर अभिषेक शर्मा भी किसी से कम नहीं थे. उन्होंने 13 गेंदों में 23 रन जड़कर कंगारुओं पर दबाव दो गुना कर दिया. दो जीवनदान मिलने के बाद भी अभिषेक लगातार आक्रामक बने रहे. दोनों ओपनर्स की अर्धशतकीय साझेदारी ने आस्ट्रेलिया की बैटिंग से पहले ही पूरा संतुलन बिगाड़ दिया था. खेल जहां रुका, वही कहानी बताने के लिए काफी था कि भारत आज “हमला मोड” में था और कंगारू गेंदबाज बैकफुट पर धकेले जा चुके थे.
सीरीज में भारत की दमदार वापसी
सीरीज की शुरुआत भारत के लिए आसान नहीं थी. पहला मुकाबला बारिश से धुल गया, दूसरा ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से अपने नाम किया लेकिन उसके बाद जो हुआ, उसने सबका दिल जीत लिया. तीसरे टी20 में भारत ने 5 विकेट से जीत दर्ज की, चौथे में 48 रन से कंगारुओं को धराशायी किया और सीरीज में बढ़त हासिल कर ली. हर विभाग में भारत भारी रहा चाहे बल्लेबाज़ी हो, चाहे गेंदबाज़ी या फिर तेज़ फील्डिंग. आखिरी मैच भले पूरी तरह नहीं खेला जा सका, लेकिन भारत पहले ही इस सीरीज पर कब्जा कर चुका था. कंगारुओं का सीरीज जीतने का सपना बारिश से पहले ही टूट चुका था.
बारिश ने रोका मैच, लेकिन टीम इंडिया की जीत
ब्रिस्बेन का मौसम अक्सर अचानक करवट लेता है और इस बार भी वही हुआ. बारिश और बिजली की वजह से स्टेडियम के निचले हिस्सों को खाली कराया गया, फैंस ऊपरी सीटों की ओर भागे और स्टेडियम कर्मचारियों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मैदान सील कर दिया. परिस्थितियां ऐसी थीं कि मैच आगे बढ़ाना मुश्किल था. लेकिन इसका लाभ भारत को मिला.