
आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल का मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच होने वाला है. वहीं ये मुकाबला दोनों टीमों के बीच 30 अक्टूबर (गुरुवार) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेला जाएगा. फिलहाल इस मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है. बता दें कि 26 अक्टूबर को इसी मैदान पर भारत-बांग्लादेश का मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था. वहीं भारत- न्यूजीलैंड के मुकाबले में भी बारिश ने खलल डाल दिया था.
30 अक्टूबर को नवीं मुंबई में बारिश की आशंका
वहीं अब एक बार फिर से गुरुवार को भी नवी मुंबई में बारिश होने की पूरी संभावना जताई जा रही है. एक वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक इस दिन नवी मुंबई में बारिश का पूर्वानुमान 65 फीसदी है. वहीं सेमीफाइनल मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होना है लेकिन दोपहर के ही समय बारिश होने के पूरे आसार हैं. वैसे बारिश के कारण अगर गुरुवार को खेल धुल भी जाता है तो भी घबराने की जरूरत नहीं है. क्योंकि आईसीसी ने इस मैच के लिए रिजर्व-डे भी रखा है.
तो फिर रिजर्व डे 31 अक्टूबर को खेला जाएगा
अगर बारिश या किसी अन्य कारण के चलते 30 अक्टूबर को मिनिमम 20-20 ओवरों का खेल संभव नहीं हो सका तो मैच रिजर्व डे (31 अक्टूबर) में खेला जाएगा. मैच रिजर्व डे में वहीं से शुरू होगा, जहां रोका गया था. अगर एक बार टॉस हो गया तो मुकाबला 'लाइव माना जाएगा. हालांकि समस्या केवल ये है कि शुक्रवार (31 अक्टूबर) को भी नवी मुंबई में बारिश की आशंका जताई जा रही है. 31 अक्टूबर को बारिश का पूर्वानुमान 90 फीसदी बताया गया है. यानी जमकर बारिश होने के आसार साफ नजर आ रहे हैं.
फाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी ऑस्ट्रेलिया!
अब सवाल ये खड़ा होता है कि अगर रिजर्व डे में भी मैच का कोई नतीजा नहीं निकलता है, तो कौन सी टीम फाइनल में जाएगी? इस स्थिति में ऑस्ट्रेलियाई टीम फाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी. क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई टीम अंकतालिका में भारत से ऊपर चल रही है. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लीग स्टेज में 7 में से 6 मैच जीते थे, जबकि एक मैच (श्रीलंका के खिलाफ) उसका बारिश के कारण रद्द हो गया था.
भारतीय टीम चौथे नंबर पर रही थी
वहीं दूसरी तरफ भारतीय टीम ने लीग स्टेज में 3 मैच जीते, 3 हारे और एक में नतीजा नहीं निकल पाया सका है. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम अंकतालिका में चौथे स्थान पर रही थी. यानी अगर सेमीफाइनल मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो बेहतर लीग रैंकिंग के आधार पर ऑस्ट्रेलियाई टीम फाइनल में जगह बना लेगी.
साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड मैच पर भी बारिश का खतरा
29 अक्टूबर (बुधवार) को इसी तरह से गुवाहाटी में साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच होने वाले पहले सेमीफाइनल के लिए भी रिजर्व डे का प्रावधान किया गया है. यदि वो मैच भी धुल गया तो इंग्लैंड की टीम फाइनल खेलेगी, क्योंकि वो अंकतालिका में साउथ अफ्रीका से ऊपर दूसरे स्थान पर रही थी.