ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों ने पूरे 60 मिनट तक गोल करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन कोई भी टीम सफलता हासिल नहीं कर सकी। इंग्लैंड ने शुरुआत में दबाव बनाया, जबकि भारतीय डिफेंस और गोलकीपरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हर हमले को नाकाम कर दिया।
भारतीय डिफेंस बना सबसे बड़ी ताकत
पहले हाफ में इंग्लैंड को कई मौके और पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन गोलकीपर मोहित शशिकुमार ने बेहतरीन बचाव किए। दूसरी ओर भारत ने भी जवाबी हमले किए, मगर इंग्लैंड के गोलकीपर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारत ने लगातार दबाव बनाया, लेकिन गोल नहीं हो सका।
वीडियो रेफरल ने बदला मैच का रुख
तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड को मिला पेनल्टी स्ट्रोक भारत के वीडियो रेफरल के बाद रद्द कर दिया गया। रिप्ले में भारतीय खिलाड़ी का टैकल सही पाया गया, जिससे टीम को बड़ी राहत मिली। इसके बाद भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर भी गोल में नहीं बदल सके, लेकिन टीम ने डिफेंस में कोई गलती नहीं की।
इसे भी पढ़ें : 170 रन भी नहीं बचा सकीं भारतीय बेटियां, Australia से हारकर T20 वर्ल्ड कप से बाहर
शूटआउट में भारत ने दिखाई दमदार बाजी
निर्धारित समय के बाद मुकाबला शूटआउट में पहुंचा, जहां भारत ने 3-2 से जीत दर्ज की। अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा और कप्तान हार्दिक सिंह ने गोल दागे, जबकि भारतीय गोलकीपरों ने शानदार बचाव कर टीम को जीत दिलाई। मजबूत रक्षात्मक प्रदर्शन के लिए डिफेंडर संजय को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। क्रिकेट में मिली हालिया निराशा के बीच भारतीय हॉकी टीम की यह जीत खेल प्रेमियों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई।