एशियन लीजेंड्स लीग में लुसाका के लोटस स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान पैंथर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 167 रन बनाए। कप्तान इमरान नजीर ने 47 रन बनाए, जबकि इबरार हुसैन और तौफीक उमर ने 39-39 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में विकेट लेकर रनगति पर कुछ हद तक नियंत्रण बनाए रखा।
60 रन पर चार विकेट गिरने से बढ़ी मुश्किल
168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडियन रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। मोहम्मद इरफान ने नमन ओझा और कप्तान अभिषेक जलोटा को जल्दी आउट कर दिया। असद पठान और शादाब जकाती भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। 60 रन पर चार विकेट गिरने के बाद पाकिस्तान मुकाबले में पूरी तरह हावी नजर आ रहा था।
ऋषि धवन और सुबोथ भाटी ने बदली बाजी
संकट के समय ऋषि धवन और सुबोथ भाटी ने शानदार साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। धवन ने 32 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि सुबोथ भाटी ने 29 गेंदों पर 46 रन की तेज पारी खेली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 86 रन जोड़कर भारत को मुकाबले में वापस ला दिया और जीत की उम्मीद जगा दी।
आखिरी ओवरों में बढ़ा रोमांच
जब भारत जीत के करीब पहुंच रहा था, तभी राहत अली और यासिर शाह ने लगातार विकेट लेकर मुकाबले को फिर रोमांचक बना दिया। भारत का स्कोर 152 रन पर आठ विकेट हो गया। दबाव की इस स्थिति में अनुरीत सिंह ने सिर्फ चार गेंदों में नाबाद 12 रन बनाकर मैच भारत की झोली में डाल दिया। वीर प्रताप सिंह ने दूसरे छोर से उनका साथ निभाया और भारत ने 17.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
इसे भी पढ़ें : यौन शोषण केस में Brij Bhushan Singh को बड़ी राहत, कोर्ट से बरी होने के बाद फिर चुनाव लड़ेंगे?
भारत ने फिर पाकिस्तान को दी मात
पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद इरफान, राहत अली और यासिर शाह ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने आखिरी समय तक संयम बनाए रखा। 60 रन पर चार विकेट गिरने के बाद वापसी करते हुए भारत ने दो विकेट से जीत दर्ज की और एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ यादगार मुकाबला अपने नाम कर लिया।