
एशिया कप 2025 के सुपर-4 में भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए मुकाबले ने रोमांच की सारी हदें पार कर दीं. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए इस मैच में दोनों टीमों ने 202-202 रन बनाए और मुकाबला सुपर ओवर तक जा पहुंचा. पूरा स्टेडियम सन्नाटे में डूबा हुआ था और फैंस की सांसे अटकी हुई थीं लेकिन जैसे ही सुपर ओवर में टीम इंडिया ने कमाल किया, करोड़ों भारतीयों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया. मैदान पर सूर्या यानी सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर विनिंग शॉट जड़कर लंका की अकड़ तोड़ दी और भारत ने इतिहास रच दिया.
अभिषेक-तिलक की दमदार पारी
भारतीय बल्लेबाजी की बात करें तो टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए 202 रन बनाए शुरुआत अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर ताबड़तोड़ अंदाज में की. उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों पर 61 रन ठोककर श्रीलंकाई गेंदबाजों की नींव हिला दी. इसके बाद तिलक वर्मा ने 34 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने भी 39 रनों का अहम योगदान दिया. भारत की पारी में लगातार आक्रामकता दिखी और आखिरकार 200 से ऊपर का स्कोर खड़ा हुआ. दूसरी ओर श्रीलंका की ओर से गेंदबाजों ने कोशिश तो की लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने उन्हें कोई राहत नहीं दी.
भारतीय गेंदबाजों पर बना दबाव
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत कमजोर रही, लेकिन पाथुम निसंका और कुसल परेरा ने मिलकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 127 रनों की साझेदारी हुई. परेरा ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाए, जबकि निसंका ने शानदार शतक जड़ा और 58 गेंदों पर 107 रन बनाए. आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 12 रन चाहिए थे, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाया और लंका 11 रन ही बना सकी. इस तरह मैच सुपर ओवर में पहुंचा और यही असली क्लाइमेक्स था.
सुपर ओवर में छाए 'सिंह इज किंग'
सुपर ओवर में श्रीलंका पहले बल्लेबाजी करने उतरी लेकिन अर्शदीप सिंह ने जादुई गेंदबाजी कर सिर्फ 2 रन दिए और दो विकेट झटके जवाब में भारत को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे जैसे ही सूर्या ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ा, पूरा स्टेडियम "सिंह इज किंग" के नारे से गूंज उठा. इस जीत के साथ भारत ने एशिया कप में लगातार छठी जीत हासिल की और लंका की आखिरी उम्मीद भी तोड़ दी. अब भारत अपराजेय होकर फाइनल में पहुंच चुका है और पाकिस्तान की टेंशन कई गुना बढ़ गई है. कहना गलत नहीं होगा कि टीम इंडिया ने इस जीत से न सिर्फ श्रीलंका की अकड़ तोड़ी, बल्कि सुपर ओवर में इतिहास रचकर अपने चैंपियन तेवर भी दिखा दिए.