India Creates History: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके प्रदर्शन की सराहना की। दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने हौसले और मेहनत से देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि पैरा गेम्स में भारत का सफर 14 पदकों से बढ़कर 114 पदकों तक पहुंचना खिलाड़ियों के अटूट समर्पण और मजबूत खेल व्यवस्था का परिणाम है। प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों, उनके परिवारों और कोच को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
30 गोल्ड समेत भारत ने जीते 114 मेडल
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए बताया कि भारत ने इस बार 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक अपने नाम किए। इसके अलावा खिलाड़ियों ने पांच नए विश्व रिकॉर्ड और नौ एशियाई रिकॉर्ड भी बनाए। उन्होंने कहा कि चार स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने तीनों पदक जीतकर पोडियम पर अपना दबदबा बनाया। प्रतियोगिता के आखिरी दिन भी भारतीय खिलाड़ियों ने नौ स्वर्ण पदक हासिल किए। महिला खिलाड़ियों की उपलब्धि का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 56 महिला प्रतिभागियों में से 34 ने पदक जीते।
2010 में 14 पदकों से शुरू हुआ था सफर
प्रधानमंत्री ने पिछले वर्षों के प्रदर्शन से तुलना करते हुए कहा कि 2010 के एशियाई पैरा गेम्स में भारत को केवल 14 पदक मिले थे, जिनमें एक स्वर्ण पदक शामिल था। अब यह संख्या बढ़कर 114 हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद खेल व्यवस्था में बदलाव और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दिया गया। सरकार ने ऐसी व्यवस्था तैयार करने का प्रयास किया है, जिसमें प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों और सहयोग की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े।
यह भी देखेंःUGC के विवादित नियमों पर सरकार का यू-टर्न? सुप्रीम कोर्ट में कमेटी बनाने का दिया भरोसा
खिलाड़ियों के साथ कोच और परिवारों की भी सराहना
पीएम मोदी ने कहा कि पैरा खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके परिवारों, प्रशिक्षकों और कोच की मेहनत भी शामिल है। उन्होंने विशेष रूप से कोच की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पैरा एथलीट को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक तैयार करने के लिए सामान्य खिलाड़ियों की तुलना में कई गुना अधिक मेहनत करनी पड़ती है। प्रधानमंत्री ने सभी सहयोगियों का आभार जताया और कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं।
खेलों में भारत की भागीदारी को मिल रहा नया विस्तार
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारतीय युवाओं को अपनी प्रतिभा पर भरोसा है और उन्हें विश्वास है कि देश उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि उन्होंने साबित कर दिया है कि ऊंची उड़ान भरने के लिए मजबूत हौसले जरूरी हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी प्रधानमंत्री की सराहना की। उन्होंने कहा कि ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के बाद खिलाड़ियों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाने की परंपरा ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दिया है।