ICC T20 World Cup में ग्रुप स्टेज अपने आखिरी दौर में है। 20 फरवरी से सुपर-8 मुकाबले शुरू होंगे। उससे पहले 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी। इस मुकाबले में सामने होगी नीदरलैंड्स की टीम। भारत पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुका है, लेकिन टीम की कोशिश जीत के साथ आगे बढ़ने की होगी।
पहली बार घर में आमना-सामना
भारत और नीदरलैंड्स के बीच टी20 में बहुत कम मुकाबले हुए हैं। अब तक दोनों टीमों के बीच सिर्फ 1 टी20 मैच खेला गया है, जो 2022 टी20 वर्ल्ड कप में सिडनी में हुआ था। उस मैच में टीम इंडिया ने 56 रन से जीत दर्ज की थी। खास बात यह है कि भारत ने अपने घर पर अभी तक नीदरलैंड्स के खिलाफ कोई टी20 मुकाबला नहीं खेला है।
सिर्फ 4 खिलाड़ियों को अनुभव
मौजूदा भारतीय स्क्वॉड में केवल 4 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ टी20 खेला है। इनमें सूर्यकुमार यादव, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या शामिल हैं। अगर ये खिलाड़ी अंतिम एकादश में उतरते हैं, तो बाकी कम से कम 7 खिलाड़ियों के लिए यह नीदरलैंड्स के खिलाफ पहला टी20 मुकाबला होगा।
मैच का समय और माहौल
यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस साढ़े 6 बजे होगा। अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम बड़े मैचों के लिए जाना जाता है और यहां भारी भीड़ की उम्मीद है। भारत जीत के साथ ग्रुप स्टेज खत्म करना चाहेगा, ताकि सुपर-8 में मजबूत लय के साथ उतर सके।
इसे भी पढ़ें : Ishan का बल्ला भी चमका और दादाजी का इंटरव्यू भी, Super-8 से पहले चर्चा में फैमिली की कहानी
दोनों टीमों की ताकत
भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। वहीं नीदरलैंड्स की टीम स्कॉट एडवर्ड्स की अगुवाई में खेलेगी। उनकी टीम में मैक्स ओ’डॉड, बास डी लीडे और लोगन वैन बीक जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो उलटफेर करने की क्षमता रखते हैं।
जीत के साथ आगे बढ़ने की चाह
भारत के लिए यह मुकाबला औपचारिक जरूर है, लेकिन जीत का महत्व कम नहीं है। सुपर-8 से पहले आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी होगा। दूसरी ओर नीदरलैंड्स अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेगा। अब देखना होगा कि टीम इंडिया अपने घरेलू मैदान पर इस नई चुनौती को कैसे संभालती है।