फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-फ्रांस रिश्तों को नई दिशा देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि फ्रांस भारत का सबसे पुराना स्ट्रैटजिक पार्टनर रहा है और अब यह संबंध स्पेशस, ग्लोबल और स्ट्रैटिजिक पार्टनरशिप के रूप में और मजबूत होंगे। पीएम ने कहा कि दोनों देशों ने मिलकर इस साझेदारी को अभूतपूर्व गहराई और ऊर्जा दी है, जो वैश्विक स्थिरता और प्रगति को बल देगी।
एवरेस्ट तक उड़ान भरने वाला हेलीकॉप्टर
प्रेस कॉन्फ्रेंस का सबसे बड़ा ऐलान एच-125 हेलीकॉप्टर को लेकर रहा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान भरने वाला दुनिया का पहला हेलीकॉप्टर भारत में बनाएंगे। यह हेलीकॉप्टर Airbus H125 मॉडल पर आधारित होगा और इसका निर्माण भारत में किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि इसे वैश्विक बाजार में एक्सपोर्ट भी किया जाएगा। पीएम ने कहा कि भारत और फ्रांस के रिश्तों की कोई सीमा नहीं है और हालिया फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से सहयोग को और गति मिलेगी।
ये भी पढ़ें : रणनीति, शतक और चौंकाने वाला कैच! Sri Lanka ने कैसे पलट दिया मैच और मजबूत Australia को कर दिया बेबस?
इनोवेशन और सहयोग पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि इनोवेशन अलगाव से नहीं बल्कि सहयोग से होता है। दोनों देश इंडस्ट्री, टेक्नोलॉजी, रिसर्च और स्टूडेंट एक्सचेंज को बढ़ावा देंगे। उन्होंने इंटरनेशनल सोलर एलायंस और आईएमईसी जैसे मंचों के जरिए वैश्विक समृद्धि को आगे बढ़ाने की बात कही। उनका कहना था कि अनिश्चितताओं के दौर में मजबूत साझेदारी ही स्थिरता का आधार बन सकती है।
शांति और आतंकवाद के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता
प्रधानमंत्री ने यूक्रेन, पश्चिम एशिया और इंडो-पैसिफिक क्षेत्रों में जारी तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भारत हर क्षेत्र में शांति प्रयासों का समर्थन करता रहेगा। आतंकवाद के हर रूप को जड़ से खत्म करना दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता है। साथ ही उन्होंने फ्रांस में स्वामी विवेकानंद कल्चर सेंटर खोलने की घोषणा करते हुए इसे दोनों देशों के संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत बताया।