India Kabaddi Teams : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय कबड्डी टीमों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार को महिला टीम ने ईरान को 37-23 से हराया, जबकि पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 48-25 के बड़े अंतर से मात दी। दोनों टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और जीत दर्ज की।
महिला टीम ने ईरान को नहीं दिया मौका
खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय महिला टीम ने 2018 की चैंपियन ईरान के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखाया। मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने रेड और डिफेंस दोनों में शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले भारत ने अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 42-21 से हराया था। अब टीम का अगला मुकाबला जापान से होगा।
कोच का बड़ा दावा
जीत के बाद महिला टीम की कोच नीता डाडवे ने खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ विशेष रणनीति बनाई गई थी और टीम ने उसे शानदार तरीके से लागू किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत विश्व में नंबर एक है और कबड्डी की शुरुआत भी भारत से हुई है। उनके अनुसार भारतीय खिलाड़ियों के पास अनुभव, तकनीक, गति और आत्मविश्वास का बेहतरीन मिश्रण है।
पुरुष टीम ने बांग्लादेश को रौंदा
पुरुष टीम ने भी बांग्लादेश के खिलाफ एकतरफा मुकाबला खेला। पहले हाफ तक भारत 29-9 की बढ़त बना चुका था। दूसरे हाफ में बांग्लादेश ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने कोई मौका नहीं दिया। इससे पहले भारत जापान को 49-24 और दक्षिण कोरिया को 63-31 से हरा चुका है।
अगली चुनौती चीनी ताइपे
पुरुष टीम का अगला मुकाबला चीनी ताइपे से होगा। लगातार तीन जीत के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। भारतीय खिलाड़ी खिताब बचाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरे हैं और अब तक उसी अंदाज में खेलते नजर आए हैं।
इसे भी पढ़ें : एशियन गेम्स में उतरने को तैयार टीम इंडिया, उसी दिन मैदान में दिखेगी पाकिस्तान की टीम
स्वर्ण पदक की मजबूत दावेदारी
हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें इस बार भी खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। ग्रुप चरण में लगातार जीत ने यह संकेत दे दिया है कि भारतीय कबड्डी का दबदबा अभी भी कायम है और दोनों टीमें एक बार फिर स्वर्ण पदक की ओर मजबूत कदम बढ़ा रही हैं।