नई दिल्ली में भारतीय नौसेना और रॉयल मलेशियाई नौसेना की 11वीं स्टाफ वार्ता बुधवार को अयोजित हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने, समुद्री साझेदारी को मजबूत करने और हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में समुद्री सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
नौसेना की 11वीं स्टाफ वार्ता
भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "भारतीय नौसेना और रॉयल मलेशियाई नौसेना की 11वीं स्टाफ वार्ता एक जुलाई 2026 को नई दिल्ली में सफलतापूर्वक पूरी हुई।"
मिलकर प्रयास करने पर ध्यान दिया गया
इस वार्ता की अध्यक्षता रियर एडमिरल श्रीनिवास मद्दुला, एसीएनएस (एफसीआई) और रॉयल मलेशियाई नौसेना के असिस्टेंट चीफ ऑफ स्टाफ (ऑप्स एंड ट्रेनिंग) रियर एडमिरल दातो’ पहलवान मोहम्मद फजली कमाल बिन मोहम्मद मोहल्दीन ने की। बातचीत में दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने, समुद्री सहयोग बढ़ाने और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के लिए मिलकर प्रयास करने पर ध्यान दिया गया।
बातचीत और सहयोग कार्यक्रम में हिस्सा लिया
इससे पहले मई में भारतीय नौसेना का समुद्री अनुसंधान पोत आईएनएस सागरध्वनि मलेशिया के पोर्ट क्लैंग पहुंचा था, जहां उसने रॉयल मलेशियाई नौसेना के साथ सफल बातचीत और सहयोग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कर्मियों ने जहाज का स्वागत किया
भारतीय नौसेना ने बताया कि इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई पेशेवर और वैज्ञानिक बातचीत हुईं। 13 मई को पोर्ट क्लैंग पहुंचने पर रॉयल मलेशियाई नौसेना के कर्मियों ने जहाज का स्वागत किया। आईएनएस सागरध्वनि की यात्रा के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने आधुनिक हाइड्रोग्राफी तकनीकों, समुद्री पर्यावरण पर शोध और समुद्र विज्ञान से जुड़ी नई तकनीकों के बारे में जानकारी साझा की।