
मंगोलियाई राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना चार दिवसीय यात्रा पर भारत आए हैं. फिलहाल वे दिल्ली में हैं. जहां पर मंगलवार को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और मंगोलिया के राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई. इस दौरान दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया. वहीं इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि मंगोलियाई राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करते हुए मुझे बेहद प्रसन्नता हो रही है. मंगोलिया के राष्ट्रपति का 6 वर्ष के बाद भारत में आगमन अपने आप में एक विशेष अवसर है.
भारत नए कैपिसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम करेगा शुरू- पीएम
मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना की भारत यात्रा तब हो रही है, जब भारत और मंगोलिया अपने राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष और सामरिक संबंधों के 10 साल पूरे कर रहा है. हमारा रक्षा और सुरक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है. मंगोलिया के सीमा सुरक्षा बलों के लिए भारत नए कैपिसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम भी शुरू करेगा." पीएम मोदी ने कहा कि इस अवसर पर हमने एक संयुक्त पोस्टल स्टैम्प जारी किया है, जो हमारी साझा विरासत, विविधता और गहरे सभ्यतागत संबंधों का प्रतीक है।
मंगोलिया के नागरिकों को निःशुल्क ई-वीजा देने की घोषणा
इसके साथ ही इस दौरान पीएम मोदी ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि हमारी सीमाएं भले ही आपस में जुड़ी न हों, लेकिन भारत ने हमेशा मंगोलिया को अपना एक प्रमुख पड़ोसी माना है. हम लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा देना जारी रखेंगे. हमने मंगोलिया के नागरिकों को निःशुल्क ई-वीजा देने का निर्णय लिया गया है.
हमें स्प्रिचुअल सिबलिंग भी कहा जाता-पीएम मोदी
वहीं इस संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी में कहा कि "दोनों देश मुक्त, खुला, समावेशी और नियम आधारित इंडो-पैसिफिक का समर्थन करते हैं. ग्लोबल साउथ की आवाज को सशक्त करने के लिए भी हम मिलकर काम करते हैं. मंगोलिया और भारत के बीच आत्मीय और आध्यात्मिक बंधन है. सदियों से दोनों देश बुद्धिज्म के सूत्र में बंधे हैं, जिसके कारण हमें स्प्रिचुअल सिबलिंग भी कहा जाता है." पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि ऐतिहासिक संबंधों को नई मजबूती देने के लिए हमने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं. मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि अगले वर्ष, भगवान गौतम बुद्ध के दो महान शिष्यों, सारिपुत्र और मौद्गल्यायन के अवशेष भारत से मंगोलिया भेजे जाएंगे.
मंगोलिया के युवाओं को जोड़ने को होंगे युवा सांस्कृतिक राजदूत कार्यक्रम
पीएम मोदी ने बताया कि भारत और मंगोलिया के बीच सांस्कृतिक और प्रशासनिक सहयोग बढ़ाने के लिए लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद और मंगोलिया के अरखांगई प्रांत के बीच एक समझौता हुआ है. भारत मंगोलिया के युवाओं को जोड़ने के लिए युवा सांस्कृतिक राजदूत कार्यक्रम को भी प्रायोजित करेगा.
ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में भारत ने मंगोलिया को दिया बड़ा सहयोग
ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में भारत ने मंगोलिया को बड़ा सहयोग दिया है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत की 1.7 बिलियन डॉलर की ऋण सहायता से बन रही तेल रिफाइनरी परियोजना मंगोलिया की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगी. यह दुनिया में भारत की सबसे बड़ी विकास साझेदारी परियोजना है, जिसमें 2,500 से अधिक भारतीय विशेषज्ञ काम कर रहे हैं.उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी आईटी उत्कृष्टता केंद्र और भारत-मंगोलिया मैत्री विद्यालय जैसी परियोजनाएं मंगोलियाई युवाओं को नए अवसर दे रही हैं.
पर्यटन, व्यापार और लोगों के बीच संपर्क को मिलेगी नई दिशा
संयुक्त प्रेस वार्ता में मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने बताया कि एक मंगोलियाई एयरलाइन इस वर्ष के अंत तक अमृतसर और नई दिल्ली के लिए चार्टर उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है। इससे दोनों देशों के बीच पर्यटन, व्यापार और लोगों के बीच संपर्क को नई दिशा मिलेगी।