न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने टीम इंडिया के आगामी दौरे का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस दौरे में भारतीय टीम कुल 12 मुकाबले खेलेगी। इसमें 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच शामिल हैं। यह दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगा और 1 दिसंबर तक चलेगा। खास बात यह है कि न्यूजीलैंड ने अपने इतिहास में पहली बार किसी टीम के खिलाफ इतने बड़े 12 मैचों वाले दौरे की मेजबानी का कार्यक्रम बनाया है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को डेढ़ महीने तक लगातार रोमांच देखने को मिलेगा।
7 साल बाद टेस्ट सीरीज खेलने पहुंचेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम पिछले कई वर्षों से न्यूजीलैंड में सीमित ओवरों की क्रिकेट तो खेलती रही है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो आखिरी बार 2019 में टीम इंडिया वहां टेस्ट सीरीज खेलने गई थी। अब 7 साल बाद भारतीय खिलाड़ी फिर न्यूजीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में टेस्ट मुकाबले खेलते नजर आएंगे। वहीं सीमित ओवरों की सीरीज की बात करें तो भारतीय टीम 2022 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी।
टी20 सीरीज से होगा दौरे का आगाज
दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से टी20 सीरीज के साथ होगी। पहले दो मुकाबले क्राइस्टचर्च में 22 और 24 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसके बाद तीसरा मुकाबला 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में होगा। चौथा टी20 30 अक्टूबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा, जबकि पांचवां और अंतिम टी20 मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। युवा खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर मानी जा रही है।
वनडे सीरीज में होगी रणनीति की परीक्षा
टी20 सीरीज समाप्त होने के बाद दोनों टीमें 5 मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। पहला वनडे 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। इसके बाद 7 नवंबर को वेलिंगटन और 10 नवंबर को हैमिल्टन में मुकाबले होंगे। सीरीज के आखिरी दो वनडे 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे। यह सीरीज भविष्य के बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।
टेस्ट सीरीज पर रहेंगी सबसे ज्यादा नजरें
वनडे सीरीज खत्म होने के तीन दिन बाद टेस्ट मुकाबलों की शुरुआत होगी। पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर के बीच वेलिंगटन में खेला जाएगा। दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में होगा। न्यूजीलैंड की तेज और स्विंग वाली पिचों पर भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों की असली परीक्षा देखने को मिलेगी। यही वजह है कि इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा टेस्ट सीरीज को माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : दिल्ली में भीष्ण अग्निकांड, होलट-रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख
फैंस को बड़ी उम्मीदें
40 दिन लंबे इस दौरे पर भारतीय टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियां हमेशा चुनौतीपूर्ण रही हैं, लेकिन हाल के वर्षों में भारतीय टीम ने विदेशी जमीन पर बेहतर प्रदर्शन कर अपनी ताकत दिखाई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम इंडिया इस बड़े दौरे में कितना सफल रहती है और क्या न्यूजीलैंड में नई जीत की कहानी लिख पाती है।