Indian Embassy: तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने मौजूद भारतीय नागरिकों को तत्काल ईरान छोड़ने की सलाह जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय छात्र, तीर्थयात्री, व्यापारी और पर्यटक उपलब्ध व्यावसायिक उड़ानों या अन्य परिवहन साधनों से जल्द से जल्द ईरान से प्रस्थान करें। इस कदम के बाद क्षेत्र में बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य हालात को लेकर चिंताएं तेज हो गई हैं।
एडवाइजरी में स्पष्ट निर्देश
23 फरवरी को जारी परामर्श में दूतावास ने कहा कि 5 जनवरी 2026 की पूर्व सलाह के क्रम में यह नई चेतावनी जारी की गई है। दूतावास ने नागरिकों से कहा है कि वे किसी भी हालत में देरी न करें और तुरंत सुरक्षित स्थान के लिए रवाना हों। मौजूदा हालात को संवेदनशील बताते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया है।
सावधानी बरतें, दस्तावेज तैयार रखें
14 जनवरी की सलाह दोहराते हुए दूतावास ने विरोध प्रदर्शनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने को कहा है। नागरिकों को अपना पासपोर्ट, वीजा और पहचान पत्र हर समय तैयार रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही स्थानीय मीडिया पर नजर बनाए रखने और दूतावास से संपर्क में रहने को कहा गया है।
यह भी देखेंःलखनऊ में एकता की मिसाल, लाल बारादरी मस्जिद का गेट बंद, नमाज के दौरान हिंदू छात्रों ने बनाया सुरक्षा घेरा
हेल्पलाइन नंबर जारी
आपात स्थिति के लिए मोबाइल नंबर +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359 जारी किए गए हैं। [email protected]
ईमेल के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है। दूतावास ने पंजीकरण पोर्टल पर नाम दर्ज कराने की अपील की है, ताकि जरूरत पड़ने पर सहायता पहुंचाई जा सके।
बढ़ता तनाव
क्षेत्रीय हालात उस समय और गंभीर हो गए जब Donald Trump ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर कड़ा रुख अपनाया। अमेरिका यूरेनियम संवर्धन और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम सीमित करने की मांग कर रहा है, जबकि ईरान इसे दबाव की नीति मानता है। मध्य पूर्व में सैन्य गतिविधियों और तेहरान के आसपास बढ़ती हलचल ने आशंकाएं बढ़ा दी हैं। वहीं, क्षेत्रीय समूहों जैसे Hezbollah को लेकर भी तनाव जारी है।