India Pakistan Cricket Final Time : एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला तय हो गया है। पुरुष क्रिकेट स्पर्धा के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को एकतरफा अंदाज में हराया, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को मात देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। अब दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें गोल्ड मेडल के लिए भिड़ेंगी।
सेमीफाइनल में भारत का दमदार प्रदर्शन
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 169 रन बनाए। टीम के लिए ईशान किशन ने 80 रन की बेहतरीन पारी खेली। जवाब में श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और सिर्फ 45 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 124 रन के बड़े अंतर से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराया
पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान और बांग्लादेश आमने-सामने थे। बारिश से प्रभावित मुकाबला 13 ओवर का कर दिया गया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 111 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई।
कब और कितने बजे खेला जाएगा फाइनल?
भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल मुकाबला 3 अक्टूबर, शनिवार को खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस सुबह 9:30 बजे होगा।
इसे भी पढ़ें : भारत-पाकिस्तान फाइनल से पहले हैंडशेक पर नजर, क्रिकेट में बदलेगी परंपरा?
गोल्ड और सिल्वर दांव पर
फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम को गोल्ड मेडल मिलेगा, जबकि हारने वाली टीम सिल्वर मेडल के साथ अभियान समाप्त करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मैच माना जा रहा है और दोनों टीमों के प्रशंसकों की नजरें इस महामुकाबले पर टिकी रहेंगी।