एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं, लेकिन मुकाबले से पहले मौसम सबसे बड़ा विलेन बनता दिख रहा है। फैंस जिस महामुकाबले का इंतजार कर रहे हैं, उस पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर फाइनल बिना नतीजे के रद्द हो गया तो गोल्ड मेडल किसे मिलेगा?
बारिश हुई तो क्या होगा?
एशियन गेम्स 2026 के नियमों के मुताबिक अगर भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला बारिश या किसी अन्य कारण से पूरा नहीं हो पाता और मैच का कोई नतीजा नहीं निकलता, तो किसी एक टीम को विजेता घोषित नहीं किया जाएगा। ऐसी स्थिति में दोनों फाइनलिस्ट टीमों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा। यानी अगर मुकाबला पूरी तरह धुल जाता है, तो भारत और पाकिस्तान दोनों के खाते में गोल्ड मेडल जाएगा। इस बार आयोजकों ने फाइनल के लिए कोई रिजर्व डे भी नहीं रखा है, इसलिए मैच रद्द होने की स्थिति में यही नियम लागू होगा।
2023 से अलग है नियम
दिलचस्प बात यह है कि हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में नियम अलग थे। उस समय भारत और अफगानिस्तान के बीच पुरुष क्रिकेट फाइनल बारिश की वजह से पूरा नहीं हो पाया था। तब बेहतर अंतरराष्ट्रीय टी20 रैंकिंग के आधार पर भारत को गोल्ड मेडल दिया गया था। लेकिन 2026 संस्करण में आयोजन समिति ने रैंकिंग आधारित फैसला न लेने का निर्णय किया है। अब यदि फाइनल का परिणाम नहीं निकलता, तो दोनों टीमों को स्वर्ण पदक दिया जाएगा।
फाइनल तक कैसे पहुंचा भारत?
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन बनाए थे। ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली थी। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम सिर्फ 45 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
इसे भी पढ़ें : बर्थडे पर लवलीना का गोल्डन पंच! चीन की बॉक्सर को 5-0 से हराया, 12 साल बाद दोहराया मैरी कॉम का कारनामा
पाकिस्तान ने भी दिखाई दमदार वापसी
दूसरी ओर पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित सेमीफाइनल में बांग्लादेश को छह विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। अब दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीमें एशियन गेम्स के सबसे बड़े मुकाबले में आमने-सामने हैं। हालांकि फैंस की उम्मीद यही होगी कि मौसम साफ रहे और गोल्ड मेडल का फैसला मैदान पर हो। लेकिन अगर बारिश ने खेल बिगाड़ दिया, तो इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान दोनों को एक साथ गोल्ड मेडल मिलता दिखाई दे सकता है।