India Pakistan Medal Ceremony : एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। लेकिन मुकाबले के बाद मेडल सेरेमनी में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने कई क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया। ICC चेयरमैन जय शाह समारोह में मौजूद थे, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल उन्होंने नहीं पहनाए। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी यह सवाल उठने लगा कि आखिर भारत को गोल्ड और पाकिस्तान को सिल्वर मेडल किसने दिया?
जय शाह मौजूद रहे, लेकिन मेडल नहीं पहनाए
निशिन सिटी में आयोजित मेडल सेरेमनी में ICC चेयरमैन जय शाह विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद थे। उनके साथ ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) की एग्जीक्यूटिव बोर्ड सदस्य और श्रीलंका की नेशनल ओलंपिक कमेटी की वाइस प्रेसिडेंट निलो जयातोलाके भी मौजूद रहीं। हालांकि खिलाड़ियों को मेडल पहनाने की जिम्मेदारी किसी और के पास थी।
निशिन सिटी के मेयर ने दिए मेडल
भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ियों को मेडल निशिन सिटी के मेयर हिरोकी कोंडो ने पहनाए। गोल्ड जीतने वाली टीम इंडिया को स्वर्ण पदक मिला, जबकि पाकिस्तान की टीम को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। वहीं श्रीलंका की टीम को ब्रॉन्ज मेडल मिला।
खिलाड़ियों को मस्कट किसने दिया?
मेडल के साथ खिलाड़ियों को एशियन गेम्स का आधिकारिक मस्कट भी दिया गया। यह जिम्मेदारी सलमान नसीर ने निभाई। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को मस्कट सौंपे। मेडल और मस्कट वितरण की पूरी प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय खेल प्रोटोकॉल के तहत संपन्न हुई।
फाइनल में भारत ने दिखाया दबदबा
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 211 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। अभिषेक शर्मा ने 61 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शिवम दुबे ने भी अहम योगदान दिया।
हसन नवाज की पारी नहीं बचा सकी पाकिस्तान
212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने संघर्ष जरूर किया। हसन नवाज ने 50 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 192 रन तक ही पहुंच सकी।
इसे भी पढ़ें : अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान की निकाली हेकड़ी, युवराज की बराबरी कर विराट को भी छोड़ा पीछे
लगातार दूसरा गोल्ड जीतकर रचा इतिहास
भारत की पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। इससे पहले भारतीय महिला टीम भी अपना गोल्ड मेडल बचाने में सफल रही थी। ऐसे में एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के दोनों स्वर्ण पदक भारत के नाम रहे। मेडल सेरेमनी में जय शाह की मौजूदगी ने इस ऐतिहासिक जीत को और खास बना दिया, लेकिन गोल्ड और सिल्वर मेडल पहनाने की जिम्मेदारी निशिन सिटी के मेयर हिरोकी कोंडो ने निभाई।