
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का असर सिर्फ सीमाओं तक नहीं बल्कि खेल के मैदान तक पहुंचा है. हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारत के ऑपरेशन सिंदूर ने दोनों देशों के रिश्तों को तनावपूर्ण बना दिया था. इस माहौल में पाकिस्तान ने बिहार के राजगीर में चल रहे हॉकी एशिया कप 2025 से हटने का फैसला किया था. लेकिन अब एक बड़ी खबर ने हॉकी फैंस को उत्साहित कर दिया है. पाकिस्तान की जूनियर हॉकी टीम भारत में होने वाले FIH जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 में हिस्सा लेने आ रही है.
ये भी पढ़ें : Rana का रिकॉर्डतोड़ तूफान! 15 छक्कों ने दिलाई Delhi प्रीमियर लीग में धमाकेदार जीत
हॉकी इंडिया की ओर से की गई पुष्टि
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने अपनी अंडर-21 टीम को भारत भेजने की हामी भर दी है. ये टूर्नामेंट 28 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक चेन्नई और मदुरै में होगा. इसमें 24 टीमें हिस्सा लेंगी और भारत-पाकिस्तान को पूल बी में चिली और स्विट्जरलैंड के साथ रखा गया है. भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा जोश से भरा होता है और इस बार भी फैंस को एक रोमांचक टक्कर का इंतजार है.
पाकिस्तान ने एशिया कप से सुरक्षा कारणों का हवाला देकर नाम वापस लिया था. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ और एशियाई हॉकी महासंघ को पहले ही बता दिया था कि भारत में टीम भेजना उनके लिए मुश्किल है. लेकिन जूनियर वर्ल्ड कप के लिए उन्होंने हरी झंडी दे दी. ये आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मौका है. भारत जैसे हॉकी प्रेमी देश में ये टूर्नामेंट फैंस के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होग. भोलानाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान की भागीदारी से टूर्नामेंट का रोमांच दोगुना हो जाएगा. अब सबकी निगाहें भारत-पाकिस्तान के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर हैं. क्या पाकिस्तान की युवा ब्रिगेड भारत को उसी की धरती पर चुनौती दे पाएगी? ये देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.