ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले को लेकर बना सारा सस्पेंस अब खत्म हो चुका है। पाकिस्तान के बहिष्कार से पीछे हटते ही यह साफ हो गया है कि 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। इस फैसले के बाद क्रिकेट फैंस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।
BCCI की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर अब BCCI की ओर से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विवाद सुलझने का श्रेय सीधे ICC को दिया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को प्राथमिकता देते हुए एक ऐसा समाधान निकाला गया है, जिससे करोड़ों दर्शकों को राहत मिली है।
ICC की पहल से निकला रास्ता
राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस पूरे मामले में ICC की भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने कहा कि ICC के प्रतिनिधि और चेयरमैन की निगरानी में हुई बातचीत ने हालात को संभाला। ICC के प्रतिनिधि पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से बातचीत के लिए लाहौर गए थे। उसी बातचीत के बाद यह सकारात्मक नतीजा सामने आया और मामला सुलझ सका।
पाकिस्तान को मनाना आसान नहीं था
BCCI उपाध्यक्ष ने साफ कहा कि पाकिस्तान को बातचीत की मेज तक लाना आसान काम नहीं था। उन्होंने इसे ICC की बड़ी कूटनीतिक और खेल प्रशासन से जुड़ी सफलता बताया। राजीव शुक्ला के मुताबिक, ICC ने सही समय पर पहल की, जिससे हालात बिगड़ने से बच गए। आखिरकार पाकिस्तान ने कोलंबो में मैच खेलने का फैसला लिया और तय शेड्यूल के अनुसार मुकाबले पर सहमति बनी।
इसे भी पढ़ें : सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा उलटफेर, टॉप स्टार्स डाउनग्रेड, कई नाम बाहर, BCCI के फैसले से क्यों मचा हड़कंप?
बांग्लादेश की भावनाओं का भी रखा गया ध्यान
राजीव शुक्ला ने यह भी बताया कि इस पूरे समाधान में बांग्लादेश की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया गया। भले ही बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले पा रहा हो, लेकिन उनके बोर्ड को बातचीत के दौरान राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भी इस समाधान से संतुष्ट है और ICC के प्रयासों की सराहना कर रहा है।
क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी राहत
इस फैसले के बाद न सिर्फ आयोजकों बल्कि ब्रॉडकास्टर्स और फैंस के चेहरे पर भी खुशी है। भारत-पाक मुकाबला तय होने से वर्ल्ड कप की रौनक और बढ़ गई है। राजीव शुक्ला ने इसे सभी के लिए ‘विन-विन स्थिति’ बताया और कहा कि अब यह टूर्नामेंट एक सफल कहानी बनने की ओर बढ़ रहा है। अब फैंस को बस 15 फरवरी का इंतजार है, जब क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।