टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले इस मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड साफ कर चुका है कि वह अपनी टीम मैदान में नहीं उतारेगा। इसके बाद सवाल उठ रहा है कि जब मैच खेला ही नहीं जाएगा, तो टीम इंडिया को श्रीलंका जाकर मैदान में उतरने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
ICC के नियम क्या कहते हैं
इस सवाल का जवाब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के नियमों में छिपा है। ICC के मुताबिक किसी भी मैच में पूरे दो अंक उसी टीम को मिलते हैं, जो तय समय पर मैदान में मौजूद हो और खेलने के लिए तैयार रहे। सामने वाली टीम आए या न आए, अपनी मौजूदगी दर्ज कराना जरूरी होता है। इसी नियम के चलते टीम इंडिया को कोलंबो जाना होगा।
टॉस के लिए मैदान पर क्यों उतरेंगे कप्तान
निर्धारित समय पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए मैदान में जाएंगे। अगर पाकिस्तान का कप्तान टॉस के लिए नहीं पहुंचता है, तो मैच रेफरी भारत के पक्ष में फैसला सुना देगा। इसके बाद भारत को बिना खेले ही पूरे दो अंक मिल जाएंगे। यह प्रक्रिया औपचारिक जरूर लगती है, लेकिन टूर्नामेंट के नियमों में इसका बहुत बड़ा महत्व है।
भारत नहीं गया तो क्या हो सकता है नुकसान
अगर भारत यह सोचकर मैदान पर नहीं जाता कि मुकाबला तो होना ही नहीं है, तो स्थिति बदल सकती है। ऐसी हालत में मैच रेफरी दोनों टीमों को एक-एक अंक दे सकता है। इसका सीधा मतलब यह होगा कि पाकिस्तान को फायदा मिल जाएगा और भारत को पूरे अंक नहीं मिल पाएंगे। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।
इसे भी पढ़ें : क्वार्टर फाइनल से पहले Mumbai को झटका, अस्पताल पहुंचे Sarfaraz Khan, कर्नाटक मैच से पहले बढ़ी टेंशन
वॉकओवर जीत में क्या-क्या जरूरी
ICC की प्लेइंग कंडीशंस के मुताबिक वॉकओवर जीत के लिए टीम का मैदान में मौजूद रहना अनिवार्य है। समय पर स्टेडियम पहुंचना, अभ्यास करना और टॉस के लिए जाना जरूरी माना जाता है। अगर दूसरी टीम नहीं आती, तो रेफरी उसी आधार पर फैसला करता है। इसके साथ ही नेट रन रेट का असर भी जुड़ा होता है।
पाकिस्तान पर कार्रवाई होगी या नहीं
पाकिस्तान पर कार्रवाई को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। फिलहाल किसी सजा का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। हालांकि ICC यह जरूर मानता है कि इस तरह के फैसले क्रिकेट की साख को नुकसान पहुंचाते हैं। माना जा रहा है कि अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो आगे चलकर उस पर सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।