कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाना है। इस मैच से पहले माहौल काफी गर्म है। हाल ही में हुए बॉयकॉट विवाद और मौसम की चेतावनी के बीच फैंस की नजर अब प्रेस कॉन्फ्रेंस पर है। दोनों टीमों के कप्तान मैच से पहले मीडिया से बात करेंगे और रणनीति के संकेत दे सकते हैं।
भारतीय टीम की प्रेस कॉन्फ्रेंस कब
भारतीय टीम की प्रेस कॉन्फ्रेंस शाम 5:30 बजे होगी। कप्तान सूर्यकुमार यादव मीडिया से बातचीत कर सकते हैं। माना जा रहा है कि वह टीम की तैयारी और प्लेइंग इलेवन को लेकर संकेत देंगे। साथ ही अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर भी अपडेट दे सकते हैं, जो पिछले मैच में नहीं खेले थे।
पाक कप्तान का ट्रंप कार्ड बयान
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारत के खिलाफ मैच हमेशा बड़ा होता है। उन्होंने गेंदबाज उस्मान तारिक को टीम का ट्रंप कार्ड बताया। आगा ने कहा कि उस्मान अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और उन पर भरोसा है। उन्होंने यह भी कहा कि स्पिनर अहम होंगे, लेकिन तेज गेंदबाजों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
हैंडशेक और विवाद पर जवाब
प्रेस के दौरान सलमान आगा से पूछा गया कि क्या वह भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाएंगे। इस पर उन्होंने कहा कि वह अभी कुछ नहीं कह सकते और कल देखा जाएगा। उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर उठ रहे सवालों पर आगा ने साफ कहा कि उन्हें आईसीसी से क्लीन चिट मिल चुकी है और टीम को इस मुद्दे से फर्क नहीं पड़ता।
इसे भी पढ़ें : मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर गिरा, सड़क पर मचा हड़कंप, एक की मौत चार घायल
अभिषेक और बाबर पर बयान
सलमान आगा ने भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को बड़ा खिलाड़ी बताया और कहा कि वह चाहते हैं कि अभिषेक फिट होकर मैदान में उतरें। बाबर आजम को लेकर उन्होंने कहा कि वह टीम के लिए चिंता की बात नहीं हैं। आगा के मुताबिक बाबर रन बना रहे हैं और उम्मीद है कि मैच में भी योगदान देंगे।
मौसम बना चिंता का कारण
मुकाबले पर मौसम का साया भी है। बारिश की संभावना 60 प्रतिशत से ज्यादा बताई जा रही है। अगर मौसम ने साथ नहीं दिया तो मैच पर असर पड़ सकता है। ऐसे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में रणनीति के साथ मौसम पर भी चर्चा हो सकती है। फैंस अब शाम 5:30 बजे का इंतजार कर रहे हैं, जब भारतीय कप्तान मीडिया के सामने अपनी बात रखेंगे।