India-Pakistan Tension: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बड़ी कार्रवाई हुई है। भारत की ओर से हाई कमीशन को मिलने वाली बाहरी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव करते हुए वहां लगाए गए ट्रैफिक बोलार्ड और बैरिकेड्स हटा दिए गए हैं। इन अवरोधों को हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब करीब तीन दिन पहले इस्लामाबाद स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स पाकिस्तान की ओर से हटा दिए गए थे। इसी वजह से दिल्ली में हुई कार्रवाई को दोनों देशों के बीच चल रही खींचतान के संदर्भ में देखा जा रहा है।
पहलगाम हमले के बाद बिगड़े रिश्ते
भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद तनाव काफी बढ़ गया था। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में मौजूद आतंकी ठिकानों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव की स्थिति बनी रही। 10 मई को सीजफायर के बाद हालात कुछ शांत हुए, लेकिन दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्तर पर तल्खी अब भी बनी हुई है।
श्रीनगर दौरे के बाद पाकिस्तान ने जताई नाराजगी
इसी बीच भारत में अमेरिका के राजदूत और दक्षिण-मध्य एशिया के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत सर्जियो गोर के श्रीनगर दौरे ने भी पाकिस्तान की चिंता बढ़ा दी। अपने दौरे के दौरान गोर ने जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने श्रीनगर में क्षेत्र की खूबसूरती का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसी वजह से वह पहली बार यहां पहुंचे हैं। अमेरिकी अधिकारी ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था में आए सुधार की भी तारीफ की। गोर ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका-जम्मू-कश्मीर को लेकर जारी अपनी ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा कर सकता है। उनके मुताबिक केंद्र और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं।
https://x.com/ANI/status/2090248681601826941?s=20
गोर के बयान पर पाकिस्तान ने अमेरिकी अधिकारी को बुलाया
सर्जियो गोर की टिप्पणी पाकिस्तान को रास नहीं आई। इसके बाद इस्लामाबाद में अमेरिकी चार्ज डी अफेयर्स नताली बेकर को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने तलब किया। पाकिस्तान की ओर से गोर के बयान पर आधिकारिक आपत्ति दर्ज कराई गई। पाकिस्तान ने अमेरिकी अधिकारी की टिप्पणी को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया। इस घटनाक्रम ने भारत-पाकिस्तान के बीच पहले से चल रही कूटनीतिक तनातनी को और चर्चा में ला दिया है।
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर भारत का ‘महत्वपूर्ण हिस्सा’, ट्रैवल एडवाइजरी पर फिर विचार करेगा अमेरिका: अमेरिकी राजदूत
पहले इस्लामाबाद, अब दिल्ली में कार्रवाई
पूरे घटनाक्रम में खास बात यह है कि कुछ दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा के लिए लगाए गए अवरोध हटाए गए थे। अब दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर भी इसी तरह के बैरिकेड्स और बोलार्ड हटाए गए हैं। ऐसे में दिल्ली की कार्रवाई को पाकिस्तान के कदम के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों देशों के बीच रिश्तों में तनाव को देखते हुए आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर और हलचल देखने को मिल सकती है।