India South Africa ODI Series : वनडे वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखते हुए BCCI ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय बोर्ड साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड से बातचीत कर रहा है ताकि वर्ल्ड कप से ठीक पहले टीम इंडिया को वहां 4 से 6 मैचों की वनडे सीरीज खेलने का मौका मिल सके। माना जा रहा है कि यह सीरीज टीम इंडिया की तैयारियों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
क्यों खास है साउथ अफ्रीका दौरा?
वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में होना है। ऐसे में साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों को समझना टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है। वहां की तेज पिचें, उछाल और स्विंग भारतीय खिलाड़ियों को पहले से माहौल में ढलने का मौका देंगी। इससे टीम प्रबंधन सही संयोजन और रणनीति तय कर सकेगा।
24 साल बाद लौट रहा है वर्ल्ड कप
साउथ अफ्रीका में आखिरी बार 2003 में वनडे वर्ल्ड कप खेला गया था। उस टूर्नामेंट में टीम इंडिया फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी। अब 24 साल बाद फिर से साउथ अफ्रीका वर्ल्ड कप की मेजबानी करने जा रहा है और भारतीय टीम इस बार इतिहास बदलने की कोशिश करेगी।
रोहित और विराट पर भी रहेंगी नजरें
यह सीरीज भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी खास हो सकती है। माना जा रहा है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के करियर का यह आखिरी बड़ा आईसीसी टूर्नामेंट हो सकता है। ऐसे में अगर यह सीरीज होती है तो फैंस को दोनों दिग्गजों को एक बार फिर साउथ अफ्रीका की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खेलते देखने का मौका मिलेगा।
साउथ अफ्रीका में कैसा है भारत का रिकॉर्ड?
साउथ अफ्रीका की धरती पर टीम इंडिया का वनडे रिकॉर्ड बहुत शानदार नहीं रहा है। भारत ने वहां अब तक खेले 40 वनडे मैचों में सिर्फ 12 मुकाबले जीते हैं। हालांकि हाल के वर्षों में प्रदर्शन बेहतर हुआ है। 2023 में भारत ने साउथ अफ्रीका को उसकी धरती पर 2-1 से हराया था, जबकि 2017-18 में 5-1 से सीरीज अपने नाम की थी।
इसे भी पढ़ें : एशिया कप में चामरी ने मचा दिया ऐसा तूफान, सब हुए हैरान, बनाया ये खास रिकॉर्ड
वर्ल्ड कप मिशन पर फोकस
BCCI का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट से पहले स्थानीय परिस्थितियों में ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने से टीम को फायदा मिलेगा। अगर यह सीरीज तय होती है तो टीम इंडिया के लिए यह सिर्फ एक द्विपक्षीय सीरीज नहीं, बल्कि वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी का सबसे अहम पड़ाव साबित हो सकती है।