
महिला क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा मुकाबला पर हर किसी की नजरें टिकी हुई है. 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल खेला जाएगा. दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के सबसे मज़बूत दावेदारों को मात दी भारत ने 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराया, तो साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को पटखनी दी. इस बार मुकाबला सिर्फ ट्रॉफी का नहीं, बल्कि 20 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने का भी है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया इतिहास रचने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, वहीं अफ्रीकी टीम पहली बार फाइनल में उतरकर इतिहास बनाने की कगार पर है.
टीम का फोकस पावर और प्रेशर दोनों संभालने पर
टीम इंडिया इस मैच को जीतकर अपने घरेलू दर्शकों के सामने नया इतिहास लिखना चाहती है. खबर है कि कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने मिलकर ऐसा फुल पावर गेम प्लान तैयार किया है जो इस बार अफ्रीका को चौकाने वाला है. मंधाना को टीम को तेज शुरुआत देने की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि जेमिमा रॉड्रिग्ज को फिनिशर के रूप में खास भूमिका सौंपी गई है. वही जेमिमा, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में तूफानी बल्लेबाज़ी कर भारत को जीत दिलाई थी. इस बार टीम का फोकस सिर्फ रन बनाने पर नहीं बल्कि पावर और प्रेशर दोनों संभालने पर है.
वनडे क्रिकेट में भारत का पलड़ा भारी
अब आंकड़ों की बात करें तो वनडे क्रिकेट में भारत का पलड़ा भारी है. दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 20 बार जीत दर्ज की है, जबकि साउथ अफ्रीका को सिर्फ 13 बार सफलता मिली है. यानी कुल प्रदर्शन में भारत आगे है. हालांकि वर्ल्ड कप इतिहास में स्थिति थोड़ी अलग है अब तक खेले गए 6 वर्ल्ड कप मैचों में दोनों टीमों ने तीन-तीन बार जीत हासिल की है. लेकिन पिछले तीनों मुकाबलों में साउथ अफ्रीका विजेता रहा है, जिनमें 2022 वर्ल्ड कप और इस बार का लीग स्टेज मैच भी शामिल है. साउथ अफ्रीका की टीम ने इस टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में सात में से पांच मैच जीते हैं, जबकि भारत को सिर्फ तीन जीत मिली. यानी फॉर्म और आंकड़ों में अफ्रीका का पलड़ा फिलहाल भारी है, लेकिन जोश और जुनून में हिंद की शेरनियां किसी से कम नहीं.
इसे भी पढ़ें : Azam Khan से Iqra Hasan की मुलाकात, सियासी गलियारों में छाई चर्चाएं खास, क्या वेस्ट UP में होगा खेला, जानिए
हरमनप्रीत की रणनीति पर निगाहें
अब नज़रें कप्तान हरमनप्रीत की रणनीति और भारत की गेंदबाजी यूनिट पर हैं. इस टूर्नामेंट में दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया है और मिड-ओवर्स में अफ्रीका को रोकने की बड़ी जिम्मेदारी उन्हीं पर रहेगी. वहीं, स्पिन अटैक में भी भारत ने खास तैयारी की है ताकि अफ्रीकी बल्लेबाजों को फंसाया जा सके. दूसरी ओर, अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट शानदार फॉर्म में हैं और मरिजाने कैप जैसी ऑलराउंडर खिलाड़ी भारत के लिए चुनौती बन सकती हैं.