टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस में लगातार सुधार हो रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान घुटने में सूजन की समस्या के बाद वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने धीरे-धीरे गेंदबाजी का वर्कलोड बढ़ाना शुरू कर दिया है और 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट तक पूरी तरह फिट होने की उम्मीद है।
फिटनेस के आधार पर हुआ था चयन
बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे के लिए बुमराह का चयन भी उनकी फिटनेस को ध्यान में रखकर किया था। मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रखे हुए है ताकि टेस्ट सीरीज से पहले वह पूरी तरह मैच फिट हो सकें।
शुभमन गिल के लिए स्पेशलिस्ट डॉक्टर की मदद
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल गर्दन की समस्या से जूझ रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने उनकी रिकवरी के लिए मेडिकल टीम के अलावा बाहरी स्पेशलिस्ट डॉक्टर की भी मदद ली है। गिल पहले भी इस परेशानी से प्रभावित रहे हैं और इसी वजह से कुछ मुकाबले नहीं खेल पाए थे।
WTC के लिहाज से अहम हैं दोनों खिलाड़ी
श्रीलंका दौरा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में बीसीसीआई नहीं चाहता कि टीम अपने दो प्रमुख खिलाड़ियों जसप्रीत बुमराह और शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर किसी तरह का जोखिम उठाए।
साई सुदर्शन भी जल्द करेंगे वापसी
साई सुदर्शन की हैमस्ट्रिंग चोट में भी सुधार हुआ है। बताया गया है कि वह अगले सप्ताह से बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बल्लेबाजी अभ्यास शुरू करेंगे। टेस्ट टीम में नंबर-3 बल्लेबाज की भूमिका निभाने वाले सुदर्शन की वापसी भी टीम के लिए राहत की खबर मानी जा रही है।
इसे भी पढे़ं : Virat Kohli के एक लाइक ने बदल दी लिज की किस्मत, मॉडल से बनीं क्रिकेट की चर्चित प्रेजेंटर
4 अगस्त को रवाना होगी टीम इंडिया
भारतीय टीम 4 अगस्त को श्रीलंका दौरे के लिए रवाना होगी। टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस पर अंतिम फैसला मेडिकल टीम की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।