
India's strong attack: भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) में पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए कहा कि इस्लामाबाद अपने ही नागरिकों पर बमबारी कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय मंच का इस्तेमाल भारत पर झूठे आरोप लगाने के लिए कर रहा है। भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने यूएनएचआरसी के सत्र में स्पष्ट कहा कि पाकिस्तान को अपने कब्जे वाले भारतीय क्षेत्रों को खाली करना चाहिए और अपनी बदहाल अर्थव्यवस्था व बिगड़े मानवाधिकार हालात पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देने, प्रतिबंधित आतंकियों को शरण देने और नागरिकों पर हमले करने में ही व्यस्त है।
खैबर पख्तूनख्वा में हवाई हमला और तबाही
भारत की यह प्रतिक्रिया उन खबरों के बाद आई, जिनमें बताया गया कि पाकिस्तान की वायु सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की तिराह घाटी में हवाई हमले किए। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़कें मलबे से भरी, वाहन जले हुए और ध्वस्त इमारतों से शव निकलते दिखाई दिए। इस घटना ने पाकिस्तान के मानवाधिकार रिकॉर्ड पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ेंःEC tarted e-sign system: अब वोटर लिस्ट से नाम हटाना होगा मुश्किल, चुनाव आयोग ने शुरू किया ई-साइन सिस्टम
पाकिस्तान के झूठे आरोपों पर भारत का पलटवार
यूएनएचआरसी में बोलते हुए भारत ने साफ कहा कि पाकिस्तान बार-बार इस मंच का दुरुपयोग कर भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी करता है। त्यागी ने कहा कि इस्लामाबाद को अपनी असफल नीतियों और सैन्य वर्चस्व वाली राजनीति से निकलकर अपने नागरिकों की भलाई पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद के समर्थन और अपने ही नागरिकों पर अत्याचार करना बंद नहीं करता, तब तक वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर किसी भी नैतिक आधार पर खड़ा नहीं हो सकता।