भारत में टैक्स सिस्टम को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ‘प्रारंभ 2026’ अभियान की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य नए टैक्स नियमों को आम लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाना है। यह पहल 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले नए इनकम टैक्स सिस्टम से पहले जागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू की गई है।
आसान और स्मार्ट टैक्स पोर्टल
सरकार ने इनकम टैक्स वेबसाइट 2.0 भी लॉन्च की है, जो पहले की तुलना में ज्यादा तेज, सरल और यूजर फ्रेंडली है। इस नए पोर्टल का मकसद टैक्स फाइलिंग और अन्य प्रक्रियाओं को सहज बनाना है, ताकि आम नागरिक बिना किसी परेशानी के अपने काम पूरे कर सकें।
‘कर साथी’ से मिलेगा तुरंत जवाब
टैक्सपेयर्स की मदद के लिए ‘कर साथी’ नाम का एआई चैटबॉट लॉन्च किया गया है। यह चैटबॉट नए नियमों, फॉर्म और टैक्स से जुड़े सवालों का तुरंत समाधान देगा। इसके अलावा सीबीडीटी ने वीडियो ट्यूटोरियल, ब्रोशर और MyGov के जरिए लोगों को जागरूक करने की पहल भी शुरू की है।
ये भी पढ़ें : US-Iran Relations : अमेरिका का बड़ा यू-टर्न! ईरानी तेल को मिली छूट, क्या थमेगी जंग और घटेगी महंगाई?
नागरिकों को मिलेगी बेहतर सेवा
इस अभियान के तहत सरकार का फोकस सिर्फ टैक्स कलेक्शन पर नहीं, बल्कि करदाताओं को बेहतर सेवा देने पर भी है। देशभर में वर्कशॉप और सेशन आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोग नए नियमों को आसानी से समझ सकें और किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भाषा की बाधा भी होगी खत्म
सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि भाषा किसी के लिए बाधा न बने। इसलिए नए नियमों से जुड़े ब्रोशर हिंदी और अंग्रेजी के अलावा 10 क्षेत्रीय भाषाओं में भी जारी किए गए हैं। इससे देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोग भी इस नई व्यवस्था से आसानी से जुड़ सकेंगे।
नया इनकम टैक्स कानून आने को तैयार
सरकार 1 अप्रैल 2026 से नया इनकम टैक्स एक्ट लागू करने जा रही है, जो 1961 के पुराने कानून की जगह लेगा। इसके लिए इनकम टैक्स रूल्स 2026 का ड्राफ्ट भी जारी किया जा चुका है। यह बदलाव टैक्स सिस्टम को और अधिक सरल, पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।