
देश के खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दरअसल साल 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने का सुनहरा मौका भारत को मिल गया है. वहीं इस खुशखबरी का ऐलान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से किया. इसके साथ ही विदेश मंत्री ने इसे भारत के लिए गौरव का पल करार दिया है. आपको बता दें कि साल 2030 में भारत दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा, इससे पहले साल 2010 में भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की थी. तब इसका आय़ोजन दिल्ली में हुआ था.
"भारत अहमदाबाद में करेगा कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी"
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भारत कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी अहमदाबाद में करेगा, जो भारत और गुजरात के लिए गौरव का क्षण होगा. ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के दृष्टिकोण का प्रमाण है. इसके साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन से भारत को ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने में काफी मदद मिलेगी. भारत का अगला बड़ा लक्ष्य ओलंपिक गेम्स का पहली बार अपने यहां आयोजित करना होगा.
गुजरात के सीएम ने भी मेजबानी का मौका मिलने पर जताई खुशी
वहीं गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी अहमदाबाद को कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलने पर खुशी जाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- गुजरात और भारत के लिए गौरव का क्षण! कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स के कार्यकारी बोर्ड ने 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद को प्रस्तावित मेजबान शहर के रूप में अनुशंसित किया है. यह ऐतिहासिक उपलब्धि अहमदाबाद को भारत की खेल राजधानी बनाने के हमारे दृष्टिकोण को आगे बढ़ाती है. माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और भारत की वैश्विक खेल उत्कृष्टता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए हार्दिक आभार.
इसे भी पढ़ें : Delhi पहुंची Sri Lanka की प्रधानमंत्री Harini Amarasuriya, दोनों देशों के मित्रता के गहरे संबंधों में आएगी मजबूती, जानें किन जगहों का करेंगी दौरा
कॉमनवेल्थ गेम्स का शताब्दी वर्ष होगा साल 2030
गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन स्कॉटलैंड के ग्लासगो में किया जाएगा. जिसमें 74 देशों के 3000 से ज्यादा एथलीटों के हिस्सा लेने की संभावना जताई जा रही है. इसके बाद साल 2030 में अहमदाबाद में हजारों एथलीट जुटेंगे. 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स का शताब्दी वर्ष होगा. साल 1930 में पहली बार कनाडा के हैमिल्टन में इन गेम्स का आयोजन हुआ था. हालांकि तब ब्रिटिश इंडिया ने हिस्सा नहीं लिया था. पहली बार भारत ने ब्रिटिश इंडिया के तौर पर लंदन में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 1934 में शिरकत की थी.