ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अप्रैल का महीना परेशानी भरा हो सकता है। भारतीय रेल ने कई ट्रेनों को कैंसिल करने का फैसला लिया है, जिससे यात्रा प्लान प्रभावित हो सकती है। खासतौर पर छत्तीसगढ़ और उससे जुड़े रूट्स पर सफर करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है। अगर आप भी यात्रा की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करें।
कब तक रहेंगी ट्रेनें बंद
रेलवे के अनुसार 5 अप्रैल से 25 अप्रैल तक कई ट्रेनें पूरी तरह कैंसिल रहेंगी। यानी करीब 20 दिनों तक इन रूट्स पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव भी किया गया है, जिससे यात्रियों को पहले से ज्यादा समय लग सकता है। ऐसे में बिना जानकारी के यात्रा करना मुश्किल पैदा कर सकता है।
इस वजह से लिया गया फैसला
यह फैसला गोंदिया स्टेशन के पास ट्रैक सुधार के बड़े काम के चलते लिया गया है। रेलवे यहां आधुनिक तकनीक से नई पटरी बिछा रहा है। पुराने सिस्टम को हटाकर नई तकनीक लगाने से ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी और सफर ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक होगा। हालांकि इस काम को पूरा करने के लिए कुछ समय तक ट्रैफिक रोकना जरूरी है।
ये भी पढ़ें : 1 अप्रैल से FASTag महंगा… अब एनुअल पास के लिए ज्यादा पैसे, क्या रोज सफर करने वालों पर बढ़ेगा बोझ?
सफर से पहले ये जरूर करें
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस ऑनलाइन जरूर जांच लें। कई बार लोग बिना जानकारी के स्टेशन पहुंच जाते हैं और बाद में परेशानी का सामना करते हैं। इसलिए बेहतर होगा कि आप रेलवे की वेबसाइट या ऐप के जरिए अपनी ट्रेन की स्थिति और रूट की जानकारी पहले ही ले लें।
इन ट्रेनों पर लगा कैंसिल का बोर्ड
इस दौरान कई प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह बंद रहेंगी। इनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार एक्सप्रेस, कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और विशाखापत्तनम-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के कैंसिल होने से हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है।
थोड़ी परेशानी, आगे मिलेगा फायदा
हालांकि इस फैसले से फिलहाल यात्रियों को परेशानी जरूर होगी, लेकिन भविष्य में इसका फायदा मिलेगा। नई तकनीक से ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और सफर ज्यादा स्मूथ होगा। यानी अभी थोड़ी दिक्कत झेलने के बाद आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।