
India US trade deal: भारत और अमेरिका के बीच जारी व्यापार तनाव के बीच एक अहम अपडेट सामने आया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते तक पहुंचने के प्रयास तेज किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर 2025 को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल, जिसमें सहायक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच शामिल थे, ने वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। इस बैठक को दूरदर्शी और रचनात्मक बताया गया है।
व्यापार वार्ता में मिली प्रगति
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी पुष्टि की कि भारत और अमेरिका के बीच वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है। 16 सितंबर को हुई सात घंटे लंबी बातचीत के बाद वाणिज्य मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाया है, जिसके चलते यह वार्ता बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भारतीय पक्ष ने जोर दिया है कि व्यापार समझौता दोनों देशों के हितों और संतुलन को ध्यान में रखकर तैयार होना चाहिए।
सऊदी अरब-पाकिस्तान समझौते पर भारत की प्रतिक्रिया
प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से जब सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच हुए हालिया समझौते पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भारत और सऊदी अरब के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है, जो लगातार मजबूत होती जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साझेदारी में दोनों देशों के आपसी हितों और संवेदनशीलताओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि भारत की प्राथमिकता अपने आर्थिक और रणनीतिक साझेदारों के साथ गहरे और स्थायी संबंध बनाए रखना है। इससे साफ है कि भारत न केवल अमेरिका के साथ बल्कि अन्य देशों के साथ भी संतुलित और दीर्घकालिक साझेदारी की नीति पर काम कर रहा है।