
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है. दोनों टीमों के बीच चौथा मुकाबला गुरुवार को खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया पूरी ताकत के साथ उतरने को तैयार है. सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, और कप्तान सूर्यकुमार यादव व मुख्य कोच गौतम गंभीर की जोड़ी इस मैच को जीतकर सीरीज में बढ़त बनाने की रणनीति पर काम कर रही है. तीसरे मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया था, जिससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ चुका है.
विनिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव की कम संभावना
टीम इंडिया के लिए इस वक्त सबसे बड़ी ताकत उसका बैलेंस्ड कॉम्बिनेशन है. तीसरे मैच में हर्षित राणा और संजू सैमसन की जगह अर्शदीप सिंह और जितेश शर्मा को मौका दिया गया था, जिन्होंने अपनी भूमिका बखूबी निभाई. अर्शदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने, जबकि जितेश शर्मा ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली. इसी कारण टीम मैनेजमेंट अब विनिंग कॉम्बिनेशन को बरकरार रखने के पक्ष में है. वहीं, कुलदीप यादव की जगह खेलने वाले वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 49 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई थी.
शुभमन गिल का फॉर्म चिंता का विषय
हालांकि टीम इंडिया के लिए एक चिंता का विषय शुभमन गिल का आउट ऑफ फॉर्म होना जरूर है गिल अब तक इस सीरीज में अपनी पहचान के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. बावजूद इसके, उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर किए जाने की संभावना बेहद कम है, क्योंकि वह टीम के उपकप्तान हैं. यदि गिल को आराम दिया जाता है, तो सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग में कौन उतरता है, क्योंकि टीम के पास फिलहाल कोई अतिरिक्त ओपनर मौजूद नहीं है.
इसे भी पढ़ें : Vaibhav Suryawanshi की चमक उठी किस्मत, मिल गया पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का मौका, इन 6 खिलाड़ियों को भी बड़ा अवसर!
भारत की नजर सीरीज में बढ़त पर
भारतीय टीम का फोकस अब चौथा मैच जीतकर सीरीज में बढ़त बनाने पर है. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तीसरे मुकाबले में रणनीति के स्तर पर शानदार निर्णय लिए थे और इस बार भी वही आक्रामक रवैया देखने को मिल सकता है। कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में टीम का आत्मविश्वास चरम पर है. भारतीय खिलाड़ी इस मैच में कंगारुओं को फिर से पछाड़ने और सीरीज को अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे. फैंस की नजरें एक बार फिर सूर्यकुमार यादव, अर्शदीप सिंह और वाशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ियों पर टिकी रहेंगी, जो भारत की जीत के सूत्रधार बन सकते हैं.