
टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, लेकिन इस बीच भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया जिसने इस रद्द मैच को भी यादगार बना दिया. मुकाबला शुरू तो हुआ, लेकिन बीच-बीच में बारिश ने बार-बार खेल रोक दिया. पहले तो ओवर घटाकर 18-18 कर दिए गए, मगर जब एक बार फिर आसमान से पानी बरसने लगा, तो आखिरकार मैच रद्द करना पड़ा लेकिन इससे पहले टीम इंडिया ने सिर्फ 9.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 97 रन ठोक डाले, और कप्तान सूर्या ने अपनी धमाकेदार पारी से सबका दिल जीत लिया.
हर शॉट में क्लास और टाइमिंग की झलक दिखी
टीम इंडिया की शुरुआत भी जबरदस्त रही. ओपनर अभिषेक शर्मा ने 14 गेंदों पर 19 रन बनाकर तेजी से पारी की नींव रखी, लेकिन असली आतिशबाज़ी तो शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव ने की. गिल ने 20 गेंदों पर 37 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें उनके हर शॉट में क्लास और टाइमिंग झलक रही थी. वहीं, सूर्या ने अपनी खास अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों पर 39 रन ठोक दिए और दर्शकों का मनोरंजन कर दिया. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर ऐसा लगा जैसे मैच का रुख पलट देंगे, लेकिन तभी बारिश ने फिर से दस्तक दी और मैच अधूरा रह गया.
इसे भी पढ़ें : Rohit Sharma को छोड़ा Surya Kumar Yadav ने पीछे, इस मामले में हासिल की बादशाहत, पढ़ें
सूर्या ने रोहित को पीछे छोड़ा
मगर असली कहानी तो सूर्या के रिकॉर्ड की रही. सूर्यकुमार यादव ने इस पारी के दौरान अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 150 छक्के पूरे कर लिए, और इसके साथ ही उन्होंने इतिहास रच दिया. सूर्या अब दुनिया के सिर्फ पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है. सबसे खास बात वो भारत की तरफ से 150 छक्के लगाने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं. उनसे पहले ये कमाल सिर्फ हिटमैन रोहित शर्मा ने किया था लेकिन यहां भी सूर्या ने रोहित को पीछे छोड़ दिया, दरअसल रोहित ने ये मुकाम 111 पारियों में हासिल किया था, जबकि सूर्या ने सिर्फ 86 पारियों में ये कमाल कर दिखाया. बारिश ने भले ही मैच का मज़ा बिगाड़ दिया हो, लेकिन सूर्या का जलवा फिर से आसमान छू गया. फैंस का मानना है कि ये रिकॉर्ड सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि इस बात का सबूत है कि जब सूर्या फॉर्म में हों, तो किसी गेंदबाज की हिम्मत नहीं होती उनके सामने टिकने की. अब फैंस की नज़रें अगले मुकाबले पर हैं क्या सूर्या अपनी ये फॉर्म जारी रखकर भारत को सीरीज की बढ़त दिलाएंगे या नहीं !